Weight Loss: डाॅक्टरों के अनुसार कोई भी वजन घटाने के लिए सबसे पहले अपने डाइट से घी को हटाने के बारे में सोचता है। बहुत से लोग रोटी पर घी लगाकर खाना पसंद करते हैं। क्या रोटी पर घी लगाकर खाना चाहिए? ऐसा करना स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है या नहीं, आइए जानते हैं एक्सपर्ट से।

इंडियन एक्सप्रेस में छपी खबर के अनुसार आंचल सोगानी, एक सर्टिफाइड न्यूट्रिशनिस्ट, जिन्होंने हाल ही में इंस्टाग्राम पर इस संबंध में जानकारी को साझा किया है। उन्होंने बताया कि सीमित मात्रा में घी का सेवन स्वास्थ्य के लिए अच्छा होता है। अक्सर जब हम वजन कम करने की बात करते हैं, तो हम अपने आहार से घी को पूरी तरह से बंद करने के बारे में सोचते हैं। आंचल सोगानी ने कहा कि ऐसा करना सही नहीं है।

क्या घी का सेवन वजन घटाने में सहायक है?

-घी रोटी के ग्लाइसेमिक इंडेक्स को कम करने में मदद करता है। ग्लाइसेमिक इंडेक्स से यह पता चलता है कि भोजन कितनी जल्दी सेवन करने पर आपके रक्त शर्करा (ग्लूकोज) के स्तर को प्रभावित करता है।
-घी के सेवन से आप अपने को भरा हुआ महसूस कर सकते हैं। आपको दिन में कुछ खाने की जरूरत नहीं होगी।
-घी में वसा होता है, जो वजन घटाने में सहायक होता है। घी हार्मोन को संतुलित करने और स्वस्थ कोलेस्ट्रॉल को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
-एक रोटी के लिए एक छोटा चम्मच घी लगा सकते हैं। अधिक मात्रा में इसका सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।

क्या सेहत के लिए फायदेमंद है घी का सेवन?

सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट रुजुता दिवेकर ने भी इंस्टाग्राम पर लिखा कि घी में खाना बनाना और इसे दाल, चावल, भाकरी, भाटी और चपातियों में शामिल करना बहुत जरूरी है। इसमें आवश्यक फैटी एसिड होते हैं। यह हमारी सेहत के लिए फायदेमंद हैं।

न्यूट्रिशनिस्ट और फूड कोच अनुपमा मेनन ने कहा कि घी को सुबह सबसे पहले खाया जा सकता है या रोटी या चावल में भी डाला जा सकता है। इसका उपयोग खाना पकाने में किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लेकिन हम अक्सर यह सोचकर घी का सेवन करने से बचते हैं कि इसमे कैलोरी ज्यादा होती है। इससे हमारे शरीर में वसा की भी पूर्ति होती है।