आज के समय में ज्यादातर लोग बढ़ते वजन या मोटापे से परेशान रहने लगे हैं। इसके पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। हालांकि, इन तमाम कारणों में अनहेल्दी डाइट और शारीरिक गतिविधि में कमी को अहम माना जाता है। लोग बाहर का अनहेल्दी खाना ज्यादा खाते हैं, साथ ही सिटिंग जॉब में 8 से 9 घंटे एक ही जगह बैठे-बैठे बिता देते हैं, जिससे समय के साथ मोटापा बढ़ने लगता है।
ऐसे में अगर आप भी बढ़ते वजन से परेशान हैं, तो अपनी लाइफस्टाइल में कुछ छोटे-छोटे बदलाव कर खुद को फिट रख सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले हेल्दी डाइट लें। वहीं, अगर आप अलग से वर्कआउट के लिए समय नहीं निकाल पाते हैं, तो इस स्थिति में आप रोज सुबह कुछ देर रनिंग कर सकते हैं या सीढिया चढ़कर भी अपने वजन को कंट्रोल कर सकते हैं।
बता दें कि दौड़ने और सीढ़ियां चढ़ने को वेट लॉस के लिए सबसे आसान और फायदेमंद एक्सरसाइज में से एक माना जाता है। हालांकि, इसे लेकर भी अक्सर लोगों के मन में सवाल होता है कि जल्दी नतीजे पाने के लिए दोनों में से क्या ज्यादा बेहतर है, यानी रोज दौड़ने या सीढ़ियां चढ़ने में से किससे जल्दी मोटापे को कम करने में मदद मिल सकती है? आइए जानते हैं इस सवाल का जवाब-
कैलोरी काउंट
सबसे पहले बात दौड़ने की करें, तो कई रिसर्च के नतीजे बताते हैं कि एक 70 किलो का व्यक्ति 30 मिनट तक 5 मील प्रति घंटे की रफ़्तार से दौड़ने पर लगभग 298 कैलोरी बर्न करता है। जबकि वही व्यक्ति उतने ही समय में सीढ़िया चढ़ने से 223 कैलोरी बर्न करता है। यानी सीढ़िया चढ़ने के मुकाबले दौड़ने से आप कम समय में ज्यादा कैलोरी बर्न कर सकते हैं।
तो क्या दौड़ना है ज्यादा फायदेमंद?
दरअसल, इस स्थिति में केवल कैलोरी काउंट पर ध्यान देकर ही किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंचा जा सकता है। दौड़ने से अधिक कैलोरी बर्न होने के बावजूद वेट लॉस के लिए सीढ़िया चढ़ने को ज्यादा बेहतर माना जाता है।
ऐसा इसलिए क्योंकि सीढ़ियां चढ़ना एक कम प्रभाव वाली एक्सरसाइज है यानी इसे करना ज्यादा आसान होता है। इसके विपरीत, दौड़ना एक उच्च प्रभाव वाली गतिविधि है जो घुटनों, टखनों और कूल्हों पर दबाव डाल सकती है, जिससे संभावित रूप से असुविधा या चोट लगने का खतरा बढ़ जाता है, खासकर उन लोगों के लिए जिन्हें पहले से ही जोड़ों की समस्या है।
आसान भाषा में कहें, तो आप दौड़ने के मुकाबले सीढ़िया चढ़ने को ज्यादा लंबे समय तक जारी रख सकते हैं, जिससे आपको आगे बेहतर नतीजे देखने को मिल सकते हैं। ऐसे में आप अपनी वेट लॉस जर्नी को रोज कुछ समय के लिए सीढ़िया चढ़कर शुरू कर सकते हैं।
इसके लिए आप हफ्ते में 5 दिन कम से कम 30 मिनट तक सीढ़ियां चढ़ने का लक्ष्य तय कर सकते हैं। ये रोज 500-700 सीढ़ी चढ़ने के बराबर हो सकता है। इसके बाद आप समय के साथ सीढ़ियां चढ़ने की संख्या को बढ़ा सकते हैं।
उम्मीद है ये जानकारी आपको पसंद आई होगी। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- इस विटामिन की कमी से भी आती है मुंह से बदबू, तुरंत पहचानकर ऐसे पाएं छुटकारा