मॉर्निंग वॉक करना सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है। खासकर ज्यादातर लोग वेट लॉस के लिए मॉर्निंग वॉक पर जाना पसंद करते हैं। अब, इस दौरान अधिकतर लोगों के मन में सवाल होता है कि इसके लिए पैदल चलना ज्यादा फायदेमंद है या दौड़ना? वॉकिंग या रनिंग क्या करने से जल्दी वेट लॉस में मदद मिल सकती है? अगर आपके मन में भी ये सवाल है, तो यहां हम आपको इसी का जवाब देने वाले हैं। आइए समझते हैं इस बारे में विस्तार से-
वॉकिंग या रनिंग, वेट लॉस के लिए क्या है फायदेमंद? (Walking vs Running)
बता दें कि चलना और दौड़ना दोनों ही एरोबिक कार्डियोवस्कुलर या ‘कार्डियो’ एक्सरसाइज हैं, जिन्हें करने से आपको एक साथ कई फायदे मिल सकते हैं। वहीं, इन फायदों में वेट लॉस भी शामिल है। यानी चलने और दौड़ने, दोनों से ही आपको वजन घटाने में मदद मिल सकती है। हालांकि, अगर आप अधिक मात्रा में कैलोरी बर्न करना चाहते हैं या जल्दी वजन कम करना चाहते हैं, तो इस स्थिति में दौड़ना ज्यादा बेहतर विकल्प है। कई शोध के नतीजे बताते हैं कि चलने के मुकाबले दौड़ने से जल्दी वेट लॉस में मदद मिलती है।
इससे अलग हेल्थ लाइन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रोज सुबह 30 मिनट तक वॉक करने से आप करीब 187 कैलोरी बर्न कर पाते हैं। वहीं, 30 मिनट तक दौड़ने में करीब 365 कैलोरी बर्न होती हैं। यानी दौड़ने से आप अधिक मात्रा में कैलोरी बर्न कर पाते हैं, जिससे आपको जल्दी वेट लॉस में मदद मिलती है।
दौड़ा न जाए तो क्या करें?
अगर आप दौड़ नहीं पाते हैं, तो इस स्थिति में इनक्लाइन वॉक (Incline walking) करना फायदेमंद हो सकता है। इनक्लाइन वॉकिंग में आप ऊपर की ओर (जैसे किसी खड़े रास्ते पर या चढ़ान पर) चलते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, इनक्लाइन वॉक करने से आप दौड़ने (Incline walking vs. running) जितनी ही कैलोरी बर्न कर सकते हैं। ऐसे में अगर आप दौड़ नहीं पाते हैं, तो इस स्तिथि में कम समय में वेट लॉस के लिए आप इनक्लाइन वॉक कर सकते हैं।
इसके अलावा पावर वॉकिंग भी वेट लॉस का बेहतरीन विकल्प है। कुछ रिपोर्ट्स के नतीजे बताते हैं कि पावर वॉकिंग करने से भी व्यक्ति दौड़ने जितनी ही कैलोरी बर्न कर पाता है, जिससे भी मोटापा कम करने में मदद मिलती है। ऐसे में जिद्दी फैट से छुटकारा पाने के लिए आप रोज सुबह के समय पावर वॉक कर सकते हैं।
उम्मीद है ये जानकारी आपको पसंद आई होगी। वहीं, अगर आप पावर वॉक का मतलब नहीं जानते हैं, तो यहां क्लिक कर पढ़ें- Power Walking क्या होता है, इसे करने से कैसे कम होता है मोटापा?
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।