जापान विविधताओं से भरा देश है। खासकर अपनी खानपान की संस्कृति को लेकर दुनियाभर में चर्चित है। जापानी अपने खानपान में सी-फूड से लेकर हरी सब्जियां और फल को तरजीह देते हैं। तमाम फलों में से एक है ‘रूबी रोमन अंगूर’ (Ruby Roman Grapes)। अंगूर की यह वैरायटी सिर्फ जापान में होती है और यह इतना महंगा है कि इसे खरीदना सबके बस की बात नहीं।

रूबी रोमन अंगूर क्यों है खास? रूबी रोमन अंगूर (Ruby Roman Grapes), को अंगूर की सबसे बेहतरीन वैरायटी का दर्जा हासिल है। यह अंगूर, सामान्य अंगूर से तीन से चार गुना बड़ा होता। एक पीस का वजन करीब 20 ग्राम होता है। लेकिन प्रीमियम क्वालिटी वाले अंगूर का वजन 30 ग्राम तक भी होता है।

बेहद मशक्कत के बाद होता है तैयार: रिपोर्ट्स के मुताबिक अंगूर की इस प्रजाति को जापान के चुबु राज्य के इशिकावा जिला प्रशासन ने तैयार किया था। यह सिर्फ यहीं की मिट्टी और माहौल में तैयार किया जा सकता है। फसल के लिए खास ग्रीन हाउस बनाया जाता है और विशेष तापमान मेंटेन करना पड़ता है। मसलन- अगर ग्रीन हाउस का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा हो तो पूरी फसल खराब होने का डर रहता है।

‘बिजनेस इनसाइडर’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक रूबी रोमन अंगूर की खासियत इसका गाढ़ा रंग और मीठा स्वाद है। दुनिया में अंगूर की और कोई दूसरी वैरायटी न तो इतनी लाल होती है और न साइज में बड़ी। कीमत भी इसी आधार पर तय होती है। फसल तैयार होने के बाद इसे अलग-अलग पैरामीटर पर परखा जाता है, मसलन- साइज, कलर, मिठास।

एक गुच्छे की कीमत 75 हजार तक: रूबी रोमन अंगूर को तमाम मानकों पर परखने के बाद इसका रेट तय किया जाता है। मुख्य़ तौर पर दो कैटेगरी में रेट तय किये जाते हैं- सुपीरियर और स्पेशल सुपीरियर। सुपीरियर कैटेगरी में आने वाले रूबी रोमन अंगूर के एक गुच्छे की कीमत 90 से 140 डॉलर के बीच हो सकती है। इसी तरह स्पेशल सुपीरियर की कीमत 180 से 450 डॉलर तक हो सकती है।

इन दो कैटेगरी के अलावा एक तीसरी कैटेगरी भी है, जिसे ”प्रीमियम” कहा जाता है। सुपीरियर और स्पेशल सुपीरियर कैटेगरी में ऐसे अंगूर को रखा जाता है जिनका वजन 20 ग्राम तक होता है, लेकिन प्रीमियम कैटेगरी में उसी अंगूर को जगह मिलती है जो 30 ग्राम के होते हैं और हर साल इस कैटेगरी में सिर्फ एक या दो गुच्छे ही जगह बना पाते हैं। प्रीमियम कैटेगरी के एक गुच्छे की कीमत 1000 डॉलर से भी अधिक होती है। साल 2021 में प्रीमियम कैटेगरी के मानक पर सिर्फ दो गुच्छे खरे उतरे थे। 2020 और 2019 में तो एक भी गुच्छा तैयार नहीं हो पाया था।

12 हजार डॉलर में बिका था एक गुच्छा: रूबी रोमन अंगूर की पैदावार बेहद कम है और इसके चाहते वाले तमाम। ऐसे में कई बार तो इसकी बोली लगानी पड़ती है। साल 2020 में तो नीलामी के दौरान रूबी रोमन अंगूर का एक गुच्छा 12000 हजार डॉलर (करीब साढ़ आठ लाख रुपये) का बिका था।