Ayodhya Ram Mandir Diwali: अयोध्या के राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद इस बार की दिवाली बेहद भव्य और दिव्य होने वाली है। विश्व में अलग पहचान बना चुके अयोध्या के दीपोत्सव इस बार रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है। भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के बाद इस बार रिकॉर्ड स्तर पर रामनगरी में दीपों को प्रज्वलित किया जाएगा।

25 लाख दीये जलाने का लक्ष्य

अयोध्या में इस बार 25 लाख से दीये जलाए जाएंगे, जो अपने आप में विश्व रिकॉर्ड होगा। मालूम हो कि पिछले साल रामनगोरी में अलग-अलग घाटों पर 22 लाख 23 हजार दीये जलाए गए थे। इस बार भी इन दीपों को जलाने के लिए स्वयंसेवकों को लगाया जाएगा। इस बार की सबसे खास बात है कि सभी दीये को गाय के गोबर से बनाया जाएगा। दीये बनाने में अयोध्या नगर निगम सहायता कर रहा है। नगर निगम द्वारा संचालित गौशाला की मदद से ये दीये बनाए जा रहे हैं।

बेहद खास होगा 8वां दीपोत्सव

अयोध्या में भगवान राम के अपने घर में विराजने के बाद से यह पहला दीपोत्सव होगा, जिसको बेहद खास बनाने की तैयारी है।  8वें दीपोत्सव को रिकॉर्ड बनाने के लिए अलग-अलग घाटों पर 25 लाख दीये जलाए जाएंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने इसको भव्य और दिव्य बनाने का एलान भी कर दिया है। आयोजकों ने अयोध्या में एक और रिकॉर्ड बनाने के लिए उल्टी गिनती भी शुरू कर दी है।

ऐसा रहा दीये जलाने का रिकॉर्ड

मालूम हो कि अयोध्या में पिछले सात साल से दीपोत्सव पर रिकॉर्ड कायम हो रहा है, जिसको इस बार भी बनाए रखने का लक्ष्य है। पहली बार साल 2017 में आयोजित हुए दीपोत्सव कार्यक्रम में 1 लाख 71 हजार दीये जलाए गए थे, जिसके बाद से इसमें लगातार बढ़ोतरी की गई। साल 2018 में 3 तीन लाख एक हजार, 2019 में चार लाख चार हजार, 2020 में 6.06 लाख, 2021 में 9.41 लाख, 2022 में 15.76 लाख और 2023 में 22.23 लाख दीये जलाकर रिकॉर्ड बनाया गया।