प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर अपनी लक्षद्वीप यात्रा की एक से बढ़कर एक खूबसूरत तस्वीर पोस्ट की हैं। इन तस्वीरों में लक्षद्वीप का अद्भुत सौंदर्य निखर कर सामने आया है। पीएम मोदी ने लक्षद्वीप में स्थानीय लोगों के साथ बात की, समंदर में स्नोरकेलिंग का आनंद लिया और समतंर तट पर बैठकर क्रिस्टल क्लीयर नीले समंदर के पानी का दीदार किया। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे लक्षद्वीप में इस अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य का नजारा जरूर लें। यदि आप भी साहसिक भावनाओं में यकीन रखते हैं और कुदरत के अनमोल दृश्य का आनंद लेना चाहते हैं तो लक्षद्वीप जरूर आएं और इसके सौंदर्य को जरूर जानें, आइए जानते हैं लक्षद्वीप के खास आकर्षण कौन-कौन से हैं।
लक्षद्वीप 36 द्वीप समूहों से बना एक अद्भुत द्वीप है जहां के नीले समंदर सूरज की रोशनी से चमचमाते रहते हैं। यह केरल के बाद समुद्र में सिर्फ 32 वर्ग किलोमीटर में फैला द्वीपों का समूह है। इनमें से सिर्फ 10 आइलैंड पर ही इंसानों का बसेरा है। लक्षद्वीप भारत का संघशासित राज्य है। यह केरल के कोच्ची से 220 से 440 किलोमीटर दूर समंदर में स्थित है। चारों ओर हरियाली, नीले समंदर में लिपटे सूर्य के कण और कोरल रीफ लक्षद्वीप की खूबसूसरती में चार चांद लगा देते हैं।
प्रमुख पर्यटन स्थल
अगाती आइलैंड
अगाती द्वीप कोरल रीफ वाला समंदर का तट है। अगाती को लक्षद्वीप का गेटवे कहा जाता है। अगाती में कई कोरल रीफ वाला समंदर का किनारा है जहां स्नोरलिंग का आनंद लिया जा सकता है। पीएम मोदी ने भी स्नोरलिंग का आनंद लिया है। समंदर में साहसिक भावना रखने वाले लोगों के लिए यह जगह स्कूवा डाइविंग और स्नोरलिंग के लिए मुफीद है।
बंगाराम आइलैंड
इसे अनटच्ड ब्यूटी कहा जाता है। बंगाराम आइलैंड में कई बीचें हैं और समंदर का पानी बहुत साफ है। यहां की खूबसूरती लोगों से अछूती है। शांत समुद्र तट, फिरोजी पानी और कुदरती हरियाली किसी का भी मन मोह सकती है। यहां जो शांति का अनुभव होता है वह अपूर्व है।
कावारत्ती
कावरत्ती लक्षद्वीप की प्रशासनिक राजधानी है। यह लक्षद्वीप की सांस्कृतिक नगरी भी है। यहां की उजरा मस्जिद सबसे ज्यादा आकर्षण के केंद्र में है। इसे नक्काशीदार लकड़ियों से सजाया गया है। कावारत्ती में स्थानीय नृत्य बेहद आकर्षक होते हैं। पूरे लक्षद्वीप के आर्ट एंड कल्चर को यहां पेश किया जाता है।
कालापानी
कालापानी कोरल पैराडाइज है। अगर आपके मन में कालापानी वाली सजा का खौफ आ रहा है तो इसे निकाल दीजिए। कालापानी समंदर तट कोरल रीफ से भरा हुआ है। यहां इस तरह से कोरल का मलबा बना हुआ है कि यह खतरनाक तूफान को रोकने का काम करता है। इसमें कई जगह लैगून बने है जो नौकायन के लिए आदर्श जगह है।
मिनिकाय
मिनिकाय लक्षद्वीप के दक्षिणी छोर पर स्थित है। यहां लाइट हाउस और टूना कैनिंग फैक्टरी है। यहां के लाइटहाउस से समंदर का अद्भुत नजारा देखा जाता है। टूना मछलियों का यह गढ़ है।
कदमात आइलैंड
कदमत द्वीप जल क्रीड़ा प्रेमियों के लिए स्वर्ग है। यहां नौकायन से लेकर स्कूबा डाइविंग तक, ढेर सारे जलीय रोमांच का आनंद लिया जा सकता है। यहां का समंदर या समुद्र तट बेहद शांत है जहां इत्मीनान से टहला जा सकता है। यहां की नीरवता से आपको प्यार हो जाएगा।