Nititsh Kumar Son: नीतीश कुमार ने भले ही केंद्र से लेकर बिहार की सियासत में अलग मुकाम हासिल किया हो लेकिन उनके इकलौते बेटे निशांत राजनीति से दूर ही रहते हैं। हालांकि, बिहार की सियासत में तेजस्वी यादव और चिराग पासवान अपने पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढा रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश के इकलौते बेटे निशांत राजनीति दूर आध्यात्म में अपना रास्ता चुना है।

बीआईटी मेसरा से ग्रेजुएट निशांत अपने पिता नीतीश की तरह ही इंजीनियर हैं। उन्होंने बीटेक (इलेक्ट्र‍िकल) की डिग्री हासिल की है। निशांत लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करते हैं। एक इंटरव्यू में जब उनसे राजनीति में आने को लेकर सवाल किया गया था तो उन्होंने साफ कहा था कि ‘उनकी न तो सियासत में रुचि है और न ही इसकी समझ।’

निशांत का धर्म और आध्यात्म की तरफ झुकाव है। उन्हें करीब से जानने वाले कहते हैं कि वे अक्सर धर्म और आध्यात्म की ही बातें किया करते हैं। हालांकि, वह भले ही सक्रिय राजनीति में नहीं हों, लेकिन कई मौकों पर पिता नीतीश और जेडीयू का समर्थन और तरफदारी करते नजर आए हैं। निशांत ने कहा था कि “अगर जनता चाहे तो उनके पिता एक दिन देश के प्रधानमंत्री भी बनेंगे।”

पिता से 4 गुना अधिक संपत्ति के हैं मालिक: निशांत संपत्ति के मामले में अपने पिता से काफी आगे हैं। नीतीश कुमार के पास जहां कुल करीब 57 लाख रुपये मूल्य की चल-अचल संपत्ति है। तो वहीं, निशांत के पास कुल 2.43 करोड़ की प्रॉपर्टी है। जिसमें चल संपत्ति तकरीबन 1.18 करोड़ और अचल संपत्ति 1.25 करोड़ की है।

निशांत ज्वेलरी के भी बेहद शौकीन हैं। उनके पास 30 तोला सोना के साथ अन्य कीमती जेवरात भी हैं, जिनकी कुल कीमत 20.73 लाख रुपए है। निशांत के पास 6.40 लाख रुपए की हुंडई कार है।

आपको बता दें कि नीतीश कुमार की पत्नी यानी निशांत की मां मंजू सिन्हा का साल 2007 में देहांत हो गया था। मां की संपत्ति भी निशांत के नाम ही है। मां का ऑफिस खाता, बैंक खातों की बचत, ग्रैच्युटी, पटना के कंकड़बाग में एक भूखंड, जीपीएफ और गहने आदि के मालिक निशांत ही हैं।