रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी विश्व के सबसे अमीर लोगों में एक गिने जाते हैं। जब उन्होंने घर बनाने की सोची तब घर भी ऐसा बनाया जिसका दुनिया में कोई जोड़ नहीं। 2011 में बनकर तैयार हुआ, ‘एंटीलिया’ विश्व का सबसे महंगा प्राइवेट होम है। जब यह बनकर तैयार हुआ तब मीडिया में इसकी खासियतों को लेकर खूब बातें हुईं थीं। लेकिन अंबानी परिवार इस घर के बन जाने के कई महीनों बाद इस घर में गया।

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो, नीता अंबानी और मुकेश अंबानी इस घर में इसलिए नहीं जा रहे थे क्योंकि वास्तुशास्त्र के हिसाब से वो समय गृहप्रवेश के लिए शुभ नहीं था। एंटीलिया में अंबानी परिवार सितंबर 2011 में रहने लगा था। इस घर की कई खास बातें हैं। इसे इस तरीके से डिजाइन किया गया है कि यह रिक्टर स्केल पर 8 तीव्रता के भूकंप को भी सहन कर सकता है। इस घर में अंबानी परिवार के अलावा करीब 600 स्टाफ रहता है।

सामान्य से 3 गुना ऊंची हैं एंटीलिया की कुछ छतें- नीता अंबानी के इस घर की कुछ छतें सामान्य छतों से 2 या 3 गुना अधिक ऊंची हैं। बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इसकी कुछ छतों की अधिक ऊंचाई के कारण यह बिल्डिंग 40 मंजिल जितनी ऊंची हो जाती है। इस गगनचुंबी इमारत की ऊंचाई 570 फीट है। इस बिल्डिंग की इंटीरियर डिजाइन कमल और सूरज के आकार में की गई है।

 

स्नो रूम की ये है खासियत- मुंबई की टेंपरेचर और जलवायु को देखते हुए इस घर में एक स्नो रूम भी बनाया गया है। इस स्नो रूम में जाकर अंटार्कटिका जैसा आनंद लिया जा सकता है। बर्फ़ से बने इस रूम की खासियत यह है कि इसकी दीवारें स्नो फलैक्स भी बरसाती हैं। नीता अंबानी के इस शानदार घर में आस्था का भी खास ख्याल रखा गया है। घर में एक बड़े मंदिर का निर्माण किया गया है जहां 50 लोग पूजा कर सकते हैं।

एंटीलिया में एक बड़ी लाइब्रेरी भी है। एक बड़ा थिएटर रूम भी है जहां एक साथ 80 लोग बैठकर मूवी का आनंद उठा सकते हैं। इस घर में स्पा, योगा सेंटर, डांस स्टूडियो और आइस क्रीम पार्लर भी है।