Angoori Bhabhi aka Shubhangi Atre: ‘भाभी जी घर पर हैं’ एंड टीवी के मशहूर सीरियल में से एक है। इस शो के सभी किरदारों को दर्शकों से खासा प्यार मिलता रहा है। इन्हीं किरदारों में से एक है – अंगूरी भाभी जिनकी भूमिका को मशहूर एक्ट्रेस शुभांगी अत्रे निभा रही हैं। बता दें कि हाल में वो कोरोना संक्रमण से मुक्त हुई हैं। करीब 5 दिनों पहले उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से जानकारी शेयर किया था कि वो अब नेगेटिव हो चुकी हैं। उन्होंने लिखा है कि जिंदगी में पहली बार ‘नेगेटिव’ शब्द उन्हें इतनी खुशी दे रहा है। आइए जानते हैं उनसे जुड़ी खास बातें –
जल्दी हो गई थी शादी: 11 अप्रैल 1981 को जन्मीं शुभांगी का घर भोपाल में है। उनके पिता PWD में काम करते थे, पोस्टिंग के कारण वो पूरे परिवार के साथ इंदौर में रहते थे। बताया जाता है कि महज 19 साल की उम्र में ही शुभांगी की शादी पीयूष पूरे से हुई है जो पेशे से बिजनेसमैन हैं। एक इंटरव्यू में शुभांगी ने बताया था कि वो और पीयूष दोनों साथ में ही बड़े हुए हैं और दसवीं कक्षा से एक दूसरे को जानते हैं। शुंभांगी का ससुराल इंदौर में ही है।
शनिवार को ही अपने पति पीयूष के जन्मदिन के मौके पर इंस्टा पर शुभांगी ने लिखा है कि ‘तुम्हारे साथ मैं सुरक्षित महसूस करती हूं और किसी भी रुकावट और चुनौती को लेने के लिए तैयार रहती हूं।’
एक बेटी की हैं मां: शुभांगी की बेटी भी हैं जो 14 साल की हैं जिन्हें वो अपनी सबसे बड़ी क्रिटिक बताती हैं। उनकी बेटी का नाम आशी है। अपने खाली समय में शुभांगी अपने पति पीयूष और बेटी आशी के साथ तंबोला, कार्ड्स और हाऊजी खेलना पसंद करती हैं।
बेटी के जन्म के बाद शुरू किया करियर: बचपन से ही शुभांगी को एक्टिंग का शौक था, बेटी के जन्म के बाद साल 2007 में उन्होंने फेमस सीरियल कसौटी जिंदगी के से करियर की शुरुआत की। इसके बाद वो कस्तूरी, दो हंसों का जोड़ा, पवित्र रिश्ता जैसे प्रमुख धारावाहिकों में भी नजर आ चुकी हैं। हालांकि, शुभांगी को असली पहचान भाबीजी घर पर हैं की अंगूरी भाभी के किरदार ने ही दिलाई। बता दें कि साल 2016 से वो ये भूमिका निभा रही हैं, इससे पहले शिल्पा शिंदे ये रोल प्ले कर रही थीं।
खाली समय में क्या करती हैं: अपने खाली समय में शुभांगी मूवीज देखना, किताबें पढ़ना और खाना बनाना पसंद करती हैं। इसके अलावा, उन्हें डांस करना और गाना गाना भी पसंद है। शुभांगी को सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने का बहुत शौक है। वो अपने फैंस से हर जानकारी साझा करती हैं।
कितनी मिलती है सैलरी: मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शुभांगी को अंगूरी भाभी के अपने रोल के लिए एक एपिसोड के 40 हजार रुपये मिलते हैं। इसका मतलब है कि महीने में लाखों रुपये कमाती हैं।