ज्यादातर लोगों को गर्मियों का इंतजार केवल एक ही चीज के लिए होता है, वो है आम। आम का नाम सुनने भर से लोगों के मुंह में पानी आ जाता है, शायद यही वजह है कि इसे फलों का राजा कहा जाता है। हालांकि, आज के समय में कई लोग आम को पसंद करते हुए भी इससे दूरी बनाने लगे हैं, इसके पीछे की वजह है कई तरह के केमिकल। बाजार में कई जगहों पर अधिक मुनाफे के लिए आमों को केमिकल से पकाकर बेचा जाता है जो सेहत को कई तरह का नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसी कड़ी में लोग अब आम की खरीदारी करने से बचने लगे हैं। अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं तो बता दें कि आपको थोड़ा सा सतर्क होने की जरूरत है।

इस आर्टिकल में हम आपको कुछ ऐसी टिप्स बताने जा रहे हैं जिनकी मदद से आप बेहद आसानी से असली और केमिकल से पकाए गए आमों की सही पहचान कर सकते हैं लेकिन इससे पहले जानते हैं कि आर्टिफिशियल तरीके से आम किस तक पकाए जाते हैं-

आमतौर पर आम को पकाने के लिए कैल्शियम कार्बाइड़ नाम के रसायन का उपयोग किया जाता है। आम भाषा में इसे ‘मसाला’ कहा जाता है। कैल्शियम कार्बाइड़ हवा के संपर्क में आने पर एसिटिलीन नाम की गैस छोड़ता है जिससे आम बहुत तेजी से पक जाता है। इससे अलग कई लोग इसके लिए एथिलीन गैस का उपयोग करते हैं। हालांकि, ये दोनों ही तरीके सेहत के लिए नुकसानदायक साबित हो सकते हैं। एफएसएसएआई द्वारा कैल्शियम कार्बाइड को प्रतिबंधित कर दिया गया है, इसलिए नेचुरल तरीके से पके आमों का चयन करना और जरूरी हो जाता है।

कैसे करें असली और नकली आम में फर्क?

रंग खोलेगा पोल

अगर आप असली और केमिकल युक्त आम की पहचान करना चाहते हैं तो सबसे पहले उसके रंग पर ध्यान दें. केमिकल वाले आमों में हरे धब्बे दिखाई देते हैं।

ज्यादा रस पहुंचाएगा नुकसान

केमिकल से पके हुए आम प्राकृतिक रूप से पके हुए आमों के मुकाबले ज्यादा रसीले होते हैं। उनमें से अधिकतर रस टपकता हुआ नजर आता है।

पानी का करें इस्तेमाल

आमों को पानी में डालकर भी उनकी सही पहचान की जा सकती है। इसके लिए आप कोई भी आम लें, अगर वह पानी में डूब जाता है तो वह प्राकृतिक रूप से पका हुआ है। वहीं, अगर आम तैरता हुआ नजर आता है तो समझ जाइए कि वह केमिकल से पकाया गया है।

दबाकर देखें आम

आम खरीदते वक्त आप उसे हल्का सा दबाकर देख सकते हैं। ऐसे करने पर अगर आम सॉफ्ट महसूस हो तो इसका मतलब है कि वह नेचुरल तरीके से पका है। वहीं, अगर दबाने पर आम कुछ जगह से कड़ा महसूस हो तो इसका मतलब है कि वह सही तरीके से नहीं पका है यानी उसे केमिकल लगाकर आपको दिया जा रहा है।

कैसे नुकसान पहुंचाते हैं केमिकल से पके आम?

बता दें कि केमिकल से पकाए गए आमों को खाने के बाद आपको कई तरह की परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। जैसे कि आपको पेट दर्द, सिर दर्द, उल्टी जैसे साइड इफेक्ट झेलने पड़ सकते हैं। इससे अलग आमों में पाया जाने वाला केमिकल आपकी आंखों की रौशनी पर भी असर डालता है।