किसी महिला के लिए मां बनने से बड़ा सुख कुछ भी नहीं होता। मां बनने के बाद बेबी के केयर में अक्सर महिलाएं अपने शरीर को भूल जाती हैं। अक्सर देखा गया है कि डिलीवरी के बाद महिलाओं का पेट बाहर आ जाता है, जिसे बेली पॉउच कहते हैं। जरूरी नहीं कि यह पेट की चर्बी हो। बच्चे के जन्म के बाद शरीर में कई तरह की जटिलताओं के साथ बेली पाउच का निकलना आम बात है। दरअसल, डिलीवरी के बाद महिला के शरीर में कई तरह के हार्मोनल बदलाव आते हैं।

इससे शरीर में बदलाव होना स्वभाविक है। लेकिन इसके लिए घबराने की जरूरत नहीं। समय के साथ अगर कुछ अपना ख्याल रखेंगी तो बेली पाउच से भी आसानी से छुटकारा पाया जा सकता है। इसके लिए सबसे ज्यादा एक्सरसाइज मदद करेगी।

डिलीवरी के बाद क्या करें:

सबसे पहले अपने शरीर से प्यार करें। डिलीवरी के बाद शरीर को आराम देने की हर सभंव कोशिश करें। छह सप्ताह तक कंप्लीट आराम करें। हालांकि डिलीवरी के बाद पूरी तरह से शरीर को सामान्य होने में एक साल का समय लगता है लेकिन सही और नियमित एक्सरसाइज से इसे पहले भी सही किया जा सकता है। छह सप्ताह के बाद से आप शरीर को धीरे-धीरे गतिशील बना सकती हैं।

कहां से शुरू करें:

यदि सामान्य डिलीवरी हुई है तो 6 सप्ताह के बाद थोड़ा बहुत चलने की कोशिश करें। इसके बाद सांसों के लिए हल्की एक्सरसाइज करें। सही डाइट लें। जब आप में ताकत आने लगे तो सप्ताह में तीन से चार हल्की एक्सरसाइज करें और दो दिन एरोबिक एक्सरसाइज करें। हालांकि जल्दी एक्सरसाइज के लिए अपने डॉक्टर से जरूर पूछें। आप मेडीटेशन कर सकती हैं।

क्या 40 प्लस मां को भी एक्सरसाइज करनी चाहिए:

डॉक्टरों के मुताबिक 40 प्लस मां को भी एक्सरसाइज करनी चाहिए। यहां तक कि 50 -60 साल के बाद भी एक्सरसाइज बेहद फायदेमंद है।

क्या सीजेरियन डिलीवरी के बाद एक्सरसाइज करना सही रहेगा:

सीजेरियन डिलीवरी के बाद एक्सरसाइज करना महिला की हेल्थ पर निर्भर है। कुछ महिलाओं में सी सेक्शन के बाद भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उसे बहुत दिनों तक दर्द रहता है। इसलिए ऐसी महिलाओं को बिना डॉक्टर की सलाह के एक्सरसाइज नहीं करनी चाहिए। ऐसी महिलाएं सांस संबंधी हल्की एक्सरसाइज करें। जब तक पूरी तरह से सही न हो जाएं इसी तरह की हल्की एक्सरसाइज करें। हालांकि हल्की एक्सरसाइज से भी बॉडी में सर्कुलेशन सही रहता है और कॉस्टीपेशन की समस्या भी दूर रहती है।

डिलीवरी के बाद वेट लॉस के लिए किस तरह की डाइट लेनी चाहिए:

डिलीवरी के बाद संतुलित डाइट की जरूरत होती है। कार्बोहाइड्रेट एनर्जी के लिए बहुत जरूरी है। अगर आप नहीं लेंगी तो शरीर में ताकत नहीं आएगी। यह प्रोटीन और फैट के डाइजेशन के लिए भी जरूरी है। अगर आप ज्यादा फैट वाली चीज खाती हैं तो उसे पचाने के लिए कार्बोहाइड्रेट की आवश्यकता होती है।

अगर आप जितना कैलोरी लेते हैं उतना खर्च नहीं होता तो आपका वजन बढ़ जाता है। इस स्थिति में वसा को कम करने के लिए कैलोरी को बर्न करने की जरूरत होती है। इस प्रकार वसा को खत्म करने के लिए कार्बोहाइड्रेट की जरूरत होती है।