हर कोई चाहता है कि उनकी स्किन हमेशा हेल्दी और ग्लोइंग नजर आए। हालांकि, कई बार थकान, नींद पूरी न होने या धूल-मिट्टी के संपर्क में आने से स्किन बेहद डल और बेजान नजर आने लगती है। अब, ऐसे में अगर अचानक किसी फंक्शन या इवेंट में जाने की जरूरत पड़ जाए तो लोग पार्लर जाकर अलग-अलग फैशियल पर हजारों रुपये खर्च करने पर मजबूर हो जाते हैं।
अगर आपके साथ भी अक्सर ऐसा कुछ होता है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है। दरअसल, हाल ही में डिजिटल क्रिएटर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अंजनी भोज ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में अंजनी ने ऐसे DIY फेस मास्क के बारे में बताया है, जिसके इस्तेमाल से स्किन को इंस्टेंट ग्लो मिल सकता है। आइए जानते हैं इस मास्क को बनाने का तरीका, साथ ही जानेंगे कैसे इसका इस्तेमाल फायदेमंद हो सकता है।
ग्लोइंग स्किन के लिए कैसे बनाएं फेस मास्क?
इसके लिए आपको एक केले, 1 चम्मच मिल्क पाउडर और 1 चम्मच शहद की जरूरत होगी। केले को मैश कर इसमें मिल्क पाउडर और शहद डालें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। इतना करते ही आपको फेस मास्क बनकर तैयार हो जाएगा।
कैसे करें इस्तेमाल?
सबसे पहले चेहरे को पानी से अच्छी तरह धोकर साफ कर लें। अब, कुछ देर केले के छिलकों को चेहरे पर रगड़ते हुए मसाज करें। इसके बाद एक बार फिर फेस वॉश कर तैयार मास्क को लगाएं और हल्के हाथों से पूरे चेहरे पर मसाज करें। करीब 20 मिनट मास्क को लगा रहने दें और फिर मुंह धो लें। ऐसा करने पर आपको स्किन पर इंस्टेंट ग्लो नजर आ सकता है।
कैसे पहुंचाता है फायदा?
बता दें कि केले में पोटेशियम, विटामिन बी-6, विटामिन सी और विटामिन ए जैसे पोषक तत्व अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं, जो स्किन को नरिश करने और नमी बनाए रखने में मदद करते हैं। वहीं, केले के छिलके से चेहरे की मसाज करने से डेड स्किन सेल्स का सफाया करने में मदद मिलती है, जिससे स्किन अधिक साफ नजर आती है।
शहद स्किन को मॉइस्चराइज करने में मदद करता है। वहीं, मिल्क पाउडर में लैक्टिक एसिड पाया जाता है, जो स्किन को सॉफ्ट और स्मूद बनाने में मदद करता है। इस तरह इस मास्क का इस्तेमाल आपको फायदा पहुंचा सकता है।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।