Vegetable soup Recipe: सर्दियों के मौसम में ठंड से बचने के लिए लोग तरह-तरह की चीजों का सेवन करते हैं। वहीं, इस मौसम में अधिकतर लोग ऐसे डाइट का भी सेवन करते हैं, जो सर्दी से बचाने के साथ-साथ आसानी से पचने वाला भी हो। ऐसे में आप वेजिटेबल सूप को डाइट में शामिल कर सकते हैं।

वेजिटेबल सूप में होते हैं कई पोषक तत्व

मालूम हो कि वेजिटेबल सूप में विटामिन, मिनरल्स, फाइबर और कई तरह के एंटीऑक्सिडेंट्स पाए जाते हैं, जो इम्यूनिटी बूस्ट करने के साथ-साथ पाचन सुधारने और वजन को नियंत्रण में रखने में मदद करते हैं। इसके सेवन से शरीर में मौजूद हानिकारक तत्व भी बाहर निकल जाते हैं। आप इसे आसानी से कम समय में घर पर भी तैयार कर सकते हैं।

वेजिटेबल सूप बनाने की रेसिपी

1 कप बारीक कटी गाजर
आधा कप बीन्स
आधा कप पत्ता गोभी
1 छोटा टमाटर
आधा कप स्वीट कॉर्न
आधा कप शिमला मिर्च
एक टुकड़ा अदरक
1 छोटा चम्मच काली मिर्च
नमक
पानी
हरा धनिया
घी

वेजिटेबल सूप कैसे बनाएं?

स्टेप-1

वेजिटेबल सूप बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े पैन में हल्का घी डालकर गर्म करें। अब इसमें अदरक को कूटकर डालें। कुछ समय तक इसे फ्राई करने के बाद इसमें गाजर, बीन्स, शिमला मिर्च और पत्ता गोभी डालकर 3-4 मिनट तक भूनें।

स्टेप-2

जब ये भुन जाएं, तो आप इसमें टमाटर और स्वीट कॉर्न मिलाकर एक मिनट तक पकाएं। इस तरह ये सारी सब्जियां कुछ समय में नर्म हो जाएंगी। अब इसमें पानी और नमक डालकर करीब 10 मिनट तक पकाएं। इसके बाद ऊपर से काली मिर्च डालें। कुछ समय बाद सूप गाढ़ा हो जाएगा। इसके बाद ऊपर से हरा धनिया भी डाल सकते हैं। इस तरह घर पर ही मिक्स वेजिटेबल सूप आसानी से तैयार हो जाएगा।