पास्ता बच्चों से लेकर बड़ों तक को खूब पसंद आता है। हालांकि, लोगों की शिकायत होती है कि लाख कोशिश करने के बाद भी वे घर पर रेस्टोरेंट जैसा क्रीमी पास्ता नहीं बना पाते हैं। अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं, तो बता दें कि पास्ता को क्रीमी बनाने के लिए उसकी सॉस को सही तरीके से बनाना बेहद जरूरी है।
इसी कड़ी में यहां हम आपको रेस्टोरेंट जैसी क्रीमी पास्ता सॉस बनाने का बेहद आसान तरीका बता रहे हैं। कमाल की बात यह है कि इसे बनाना बेहद आसान है, साथ ही इसमें आपको बहुत अधिक समय भी नहीं लगने वाला है। आप केवल 20 से 25 मिनट में घर पर ही रेस्टोरेंट जैसी क्रीमी Pasta Sauce बना सकते हैं। आइए जानते हैं इसके लिए आपको किन-किन चीजों की जरूरत होगी। साथ ही जानेंगे इसे बनाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका-
चाहिए होंगी ये चीजें-
- 1 ब्रोकली का फूल
- 200 ग्राम स्वीट कॉर्न
- 3 बड़े चम्मच बटर
- 5-6 लहसुन की कली
- 3 मीडियम साइज की प्याज
- 2 टमाटर
- 200 ग्राम पनीर
- 250 ml क्रीम
- स्वादानुसार नमक
- 1 चम्मच चिली फ्लेक्स
- 1 छोटा चम्मच जीरा पाउडर
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- 1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला और
- ताजे हरे धनिये की जरूरत होगी।
कैसे बनाएं पास्ता की सॉस?
- इसके लिए सबसे पहले ब्रोकली को काटकर पानी में डालकर उबाल लें।
- अब, स्वीट कॉर्न को भी धोकर उबाल लें।
- पनीर की छोटी-छोटी स्लाइस काट कर थोड़े से बटर में हल्का भून लें।
- इसके बाद एक पैन में बटर डालकर गर्म कर लें।
- अब, इस बटर में लहसुन को बारीक काटकर डालें और हल्का भून लें।
- लहसुन भुन जाने के बाद पैन में बारीक कटी प्याज डालकर भून लें।
- इसके बाद पैन में टमाटर डालें और फिर एक-एक कर सभी सूखे मसाले यानी नमक, जीरा पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला पाउडर और चिली फ्लेक्स डालकर अच्छी तरह चला लें।
- जब, टमाटर अच्छी तरह घुल जाएं और पैन बटर छोड़ दे, तब इसमें ब्रोकली, स्वीट कॉर्न और पनी डालें।
- इसके तुरंत बाद पैन में क्रीम डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह चला लें।
- थोड़ी देर पकाएं और आखिर में पैन में हरा धनिया बारीक काटकर गार्निश कर लें।
- इतना करते ही आपकी पास्ता सॉस बनकर तैयार हो जाएगी, जिसका स्वाद बेहद कमाल का होने वाला है।
आप इस सॉस में अपनी पसंद का पास्ता डालकर बना सकते हैं। उम्मीद है ये रेसिपी आपको पसंद आई होगी। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- हरी धनिया की चटनी कैसे बनाएं? ट्राई करें ये 4 अलग-अलग तरीके