जोड़ों का दर्द बढ़ती उम्र के साथ-साथ लोगों के लिए एक आम समस्या बनता जाता है। यह सुनने में साधारण लगता है लेकिन जिन लोगों को जोड़ों का दर्द परेशान करता है वे दर्द की वजह से हमेशा परेशान रहते हैं। हड्डियों के जोड़ों में लुब्रिकेशन कम होने से जोड़ों में और हाथ-पैरों के ज्वांइट्स में तेज दर्द होता है। जोड़ों में दर्द को दूर करने के लिए कपूर के तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं। जोड़ों के दर्द को दूर करने के साथ-साथ यह तेल कफ, खांसी और जुकाम से भी राहत दिलाता है। आइए जानते हैं कि कपूर का तेल घर पर कैसे बनाएं और इसके क्या लाभ है।

कपूर का तेल बनाने के लिए सामग्री:

एक पैकेट कपूर
नारियल का तेल
एक पैन

कपूर का तेल बनाने की विधि:
कपूर का तेल बनाने के लिए कपूर को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लें। एक पैन में नारियल का तेल डालकर उसे गर्म कर लें। नारियल के तेल में कपूर डालें और रातभर इस मिश्रण को एक कटोरी में डालकर प्लेट से ढ़क कर रख दें। सुबह तक कपूर नारियल के तेल में घुल जाता है इसे आप बोतल में भरकर रख सकते हैं।

कपूर का तेल इस्तेमाल करने की विधि:
कपूर के तेल की कुछ बूंदे हथेलियों पर लेकर इन्हें आपस में रब करें। हथेलियों में गर्माहट पैदा होने पर हाथों से जोड़ों और शरीर में जहां भी दर्द हो वहां मसाज करें। जोड़ों पर सर्कुलर मोशन में मसाज करें। मसाज करने से रक्त संचार बढ़ता है वहीं कपूर के एंटी-अर्थराइटिक गुण के कारण दर्द को दूर करने में मदद मिलती है।

कपूर के तेल के इस्तेमाल के लाभ:
कपूर के तेल में एंटी-अर्थराइटिक, एंटी-रुमेटिस, एंटी-फ्लोजिस्टिक गुण होते हैं जो कि जोड़ों के दर्द से राहत दिलाते हैं। इसी के साथ सर्दी-जुकाम होने पर सीने पर कपूर के तेल की मालिश करना काफी फायदेमंद होता है। 2 महीने तक रोजाना कपूर के तेल की मालिश करने से जोड़ों के दर्द को कम करने में काफी मदद मिलती है।