क्या आप भी मोटापे से परेशान हैं और लाख कोशिश करने के बाद भी शरीर में जमा होती चर्बी को कम नहीं कर पा रहे हैं? अगर हां, तो बता दें कि ऐसा स्लो मेटाबॉलिज्म के चलते हो सकता है। मेटाबॉलिज्म स्लो होने पर वजन तेजी से बढ़ने लगता है और इसे कम करना भी बेहद मुश्किल हो जाता है।

यानी मोटापे से छुटकारा पाने के लिए मेटाबॉलिज्म का बूस्ट होना बेहद जरूरी है। ऐसे में इसके लिए यहां हम आपको कुछ आसान तरीके बता रहे हैं। इससे पहले समझ लेते हैं कि आखिर मेटाबॉलिज्म होता क्या है-

क्या होता है मेटाबॉलिज्म?

मेटाबॉलिज्म दो प्रक्रिया से मिलकर बनता है। पहला कैटाबॉलिज्म और दूसरा एनाबॉलिज्म।

जब हम कुछ भी खाते या पीते हैं, तो बॉडी में जाने के बाद ये भोजन पोषक तत्वों में टूट जाता है। इसके बाद इन पोषक तत्वों से हमारे शरीर को एनर्जी मिलती है। भोजन के पोषक तत्वों में टूटने और फिर एनर्जी में बदलने के इस पूरे प्रोसेस को कैटाबॉलिज्म प्रक्रिया कहा जाता है।

अब, तैयार एनर्जी को बॉडी हर तरह के काम करने के लिए इस्तेमाल करती है। इसमें शरीर में कोशिकाओं को विकसित करने से लेकर उनकी मरम्मत करना भी शामिल है। पोषक तत्वों से मिली एनर्जी को शारीरिक कार्यों के लिए इस्तेमाल करने के प्रोसेस को एनाबॉलिज्म प्रक्रिया कहा जाता है।

ऐसे में अगर आपका मेटाबॉलिज्म स्लो रहता है, तो इससे या तो आपकी बॉडी को सही मात्रा में पोषक तत्व नहीं मिल पाएंगे या बॉडी इन पोषक तत्वों से एनर्जी नहीं बना पाएगी। इन दोनों ही स्थिति में एनर्जी के लिए बॉडी बार-बार खाना मांगती है, जिससे शरीर में एक्स्ट्रा कैलोरी जमा होने लगती है और मोटापा बढ़ जाता है। ऐसे में वेट लॉस के लिए मेटाबॉलिज्म का बूस्ट रहना बेहद जरूरी है।

कैसे बूस्ट करें मेटाबॉलिज्म?

इसके लिए आप 5 आसान बातों को आदत का हिस्सा बना सकते हैं। जैसे-

प्रोटीन

मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करने के लिए अपने हर मील में प्रोटीन को शामिल करें। प्रोटीन को पचाने में अधिक ऊर्जा की जरूरत होती है, जिससे मेटाबॉलिज्म बढ़ता है। इसके अलावा प्रोटीन में फैट या कार्ब्स की तुलना में बहुत अधिक थर्मिक प्रभाव होता है, जिससे भी मेटाबॉलिज्म को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ावा मिलता है।

ठंडा पानी ज्यादा पिएं

कई रिपोर्ट्स के नतीजे बताते हैं कि ठंडा पानी पीने से मेटाबॉलिज्म को काफी हद तक बढ़ावा मिल सकता है। पानी शरीर में थर्मोजेनेसिस (गर्मी उत्पादन) को उत्तेजित करता है। आसान भाषा में कहें, तो आपका शरीर पानी को शरीर के तापमान तक गर्म करने के लिए एनर्जी का उपयोग करता है, जिससे थोड़ी मात्रा में कैलोरी बर्न होती हैं और इस तरह मेटाबॉलिज्म को बढ़ावा मिलता है।

वेट लिफ्टिंग

रोज वेट लिफ्टिंग करने से मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करने में मदद मिल सकती है। वेट लिफ़्टिंग करने से ज्यादा कैलोरी बर्न होती हैं, जिससे भी मेटाबॉलिज्म मज़बूत होता है।

नींद

नींद की कमी को मेटाबॉलिज्म स्लो होने के सबसे अहम कारणों में से एक माना जाता है। ऐसे में रोज 8 से 9 घंटे की भरपूर नींद लें।

ग्रीन टी

इन सब से अलग कई रिपोर्ट्स के नतीजे बताते हैं कि ग्रीन टी का सेवन भी मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करने में मददगार हो सकता है। ग्रीन टी में मौजूद कैटेचिन और कैफीन, मेटाबॉलिज्म को बढ़ाकर वजन घटाने में मदद करते हैं।

उम्मीद है ये जानकारी आपको पसंद आई होगी। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- थकान और आलस से घिर गए हैं? तुरंत एनर्जी रिगेन करने के लिए पिएं ये चाय, काम पर होगा बेहतर फोकस