शहद को सिर्फ मिठास के लिए ही नहीं जाना जाता, बल्कि कई बीमारियों में इसे नुस्खे के तौर पर भी आजमाया जाता है। शहद का इस्तेमाल किसी भी रूप में हो, यह फायदेमंद ही है। इतना ध्यान रहे कि यह मिलावटी न हो। नहीं तो यह लाभ पहुंचाने के बजाय नुकसान ही करता है। नुस्खे के तौर पर इसका उपयोग करते समय विशेष ध्यान रखना चाहिए।

शहद में होते हैं कई पोषक तत्त्व

शहद में कई पोषक तत्त्व होते हैं। इसमें औषधीय गुण होने के कारण कई लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने का गुण भी इसमें है। यह त्वचा निखारने से लेकर पाचन तक दुरुस्त करने के काम आता है। इसमें विटामिन सी, विटामिन बी-6 और एमिनो एसिड के अलावा ग्लूकोज और कैलोरी की मात्रा भी पाई जाती है। इसलिए इसका किसी भी तरीके से सेवन किया जा सकता है। यह संक्रामक रोगों से भी बचाता है।

वजन कम करने में है मददगार

मोटापे को दूर करने के लिए लोग क्या-क्या नहीं करते हैं। जबकि इसका देसी नुस्खा शहद में छिपा है। यह वजन को नियंत्रित रखता है। कोलेस्ट्राल के स्तर को भी कम करता है। इसका इस्तेमाल आसान है। रोज सुबह एक गिलास गुनगुने पानी में एक चम्मच शहद मिला कर पियें। इसके बाद एक घंटे तक कुछ नहीं खाएं। पानी में शहद और नींबू मिला कर भी लिया जा सकता है। इसके लगातार सेवन से वजन काबू में आने लगता है।

शहद से पाएं त्वचा में निखार

शहद त्वचा से लेकर बालों में भी निखार लाता है। जिन लोगों की त्वचा रूखी होती है, उन्हें इसका इस्तेमाल जरूर करना चाहिए। इसके लिए आसान सा नुस्खा है। एक चम्मच शहद लें और रुखी त्वचा वाली जगह पर लगा दें। आधे घंटे बाद इसे पानी से धो लें। हर दो दिन बाद इस नुस्खे को आजमाएं।

बालों के लिए भी रामबाण

चेहरे की चमक बढ़ाने के लिए नींबू, केला, शहद और दूध से बना फेसपैक भी अच्छा है। इसी तरह टूटते-झड़ते बालों को बचाने के लिए दही और शहद को मिला कर बालों में लगाएं। शहद और एलोवेरा का मिश्रण भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

कब्ज दूर भगाए

शहद कब्ज तो दूर करता ही है, वहीं मुहांसे भी ठीक कर देता है। किसी को कब्ज की शिकायत है, तो उसे रोज रात में सोने से पहले गुनगुने दूध के साथ शहद का सेवन करना चाहिए। वहीं मुहांसे दूर करने के लिए इसे नुस्खे के रूप में आजमा सकते हैं। इसे चेहरे पर लगाएं और आधे घंटे तक के लिए छोड़ दें। बाद में इसे अच्छी तरह धो लें। शहद बैक्टीरिया बढ़ने से रोकता है। इसलिए मुहांसे धीरे-धीरे ठीक हो जाते हैं।

खांसी के लिए शहद का उपयोग

खांसी अगर ठीक न हो रही हो, तो शहद का देसी नुस्खा काम करता है। यह कफ को पतला करता है और इसे आसानी से निकाल भी देता है। सूखी खांसी में जल्दी आराम मिलता है। रात में सोने से पहले गुनगुने पानी में शहद मिला कर पी लें। यह फायदेमंद है। अदरक और शहद को मिला कर बनाया गया पेय भी कारगर है। इससे खांसी ठीक होती है। गले की खराश भी मिट जाती है। दरअसल, शहद रोगाणुरोधी है। यह संक्रमण बढ़ने नहीं देता है।