गेहूं, चावल हो या फिर कोई और अनाज कई बार इन्हें रखने के बाद इनमें कीड़े लगने लगते हैं। वहीं, कीड़ों को भगाने के लिए कई लोग अनाज में सल्फास या फिर कई तरह की केमिकल वाली गोलियों का उपयोग करते हैं, जो हेल्थ के लिए खतरनाक होता है।
ऐसे में आप घर पर ही लौंग, तेजपत्ता, नीम के पत्ते, दालचीनी और तुलसी जैसी नेचुरल चीजों से कीटनाशक गोलियां तैयार कर सकते हैं। दरअसल, अनाज को सुरक्षित रखने के लिए सदियों से इन चीजों का उपयोग होता रहा है। इससे अनाज सुरक्षित तो रहता ही है, साथ ही हेल्थ को कोई खतरा भी नहीं होता है।
नेचुरल कीटनाशक गोलियां कैसे बनाएं?
नेचुरल कीटनाशक गोलियां तैयार करने के लिए नीम के पत्तों, तुलसी और तेजपत्ते को धूप में सुखाकर उनका हल्का पाउडर बना लें। अब इसमें थोड़ी मात्रा में दालचीनी का पाउडर और कुटी हुई लौंग मिलाएं। इसके बाद इस मिश्रण में थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें। इस पेस्ट की छोटी-छोटी गोलियां बनाकर इन्हें दो-तीन दिन धूप में सुखाएं।
इस तरह अनाज में करें स्टोर
कुछ समय तक धूप में सुखाने के बाद ये गोलियां कड़ी हो जाएंगी। अब आप इन गोलियों को अनाज के कंटेनर, बोरी या ड्रम में रख सकते हैं। आप एक बोरे या फिर 50 किलो अनाज में 4-5 गोलियां डाल सकते हैं। दरअसल, इन गोलियों से नेचुरल महक आती है, जिससे कीड़े दूर रहते हैं।
मालूम हो कि इन गोलियों को लौंग, तेजपत्ता, नीम के पत्ते, दालचीनी और तुलसी जैसी चीज़ों से तैयार किया गया है। ऐसे में लौंग में पाया जाने वाला तेल तेज सुगंध फैलाता है, जिससे कीड़े पास नहीं आते हैं। वहीं, तेजपत्ता भी अनाज भंडारण के लिए काफी उपयोगी माना जाता है। इसकी खुशबू भी अनाज को कीड़ों से सुरक्षित रखने में मदद करती है।
नीम के पत्ते तो नेचुरल कीटनाशक गुण होते हैं, जो अनाज में घुन और कीड़ा लगने से बचाते हैं। वहीं, दालचीनी की खुशबू और उसके अंदर मौजूद गुण भी कीड़ों को दूर रखने में काम आते हैं। तुलसी के पत्ते अनाज की नमी को कम करते हैं और कीड़ों को भटकाए रखते हैं।
