सुबह की शुरुआत हेल्दी नाश्ते के साथ हो, तो पूरा दिन बेहतर तरीके से गुजरता है। दरअसल, सुबह के समय हेल्दी नाश्ता करने से पूरे दिन बॉडी में एनर्जी बनी रहती है। अगर आप भी एक ही तरह का नाश्ता कर बोर हो गए हैं, तो साउथ इंडिया की फेमस रेसिपी डोसा और उत्तपम को ट्राई कर सकते हैं।
दरअसल, डोसा और उत्तपम स्वाद में तो बेहतर होते ही हैं, साथ ही ये हेल्दी भी होते हैं। इनके सेवन से पाचन बेहतर रहता है। डोसा और उत्तपम खाने से पेट लंबे समय तक भरा रहता है। ऐसे में आप भी इन्हें नाश्ते में ट्राई कर सकते हैं।
डोसा बनाने की रेसिपी
2 कप चावल
1 कप उड़द दाल
1 छोटा चम्मच मेथी दाना
नमक
तेल
घर पर कैसे बनाएं डोसा?
डोसा बनाने के लिए सबसे पहले चावल, उड़द दाल और मेथी दाने को 6-7 घंटे के लिए भिगो दें। आप दिन में इन्हें भिगोकर रख सकते हैं। कुछ समय बाद इन्हें मिक्सी में पीसकर स्मूद बैटर बना लें।
अब बैटर को रातभर फर्मेंट होने के लिए रख दें। जब यह फर्मेंट हो जाए, तो इससे डोसा तैयार कर सकते हैं। डोसा बनाने के लिए तवे को गरम करें, उस पर हल्का तेल लगाएं और बैटर फैलाकर पतला डोसा बनाएं। दोनों तरफ से इसे सुनहरा होने तक सेकें। आप इसे सांभर-चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं।
उत्तपम बनाने की रेसिपी
2 कप डोसा बैटर
बारीक कटा प्याज
टमाटर
शिमला मिर्च
हरी मिर्च
नमक
तेल
उत्तपम कैसे बनाएं?
उत्तपम बनाने के लिए सबसे पहले तवे को गरम करें और उस पर हल्का तेल डालें। अब उस पर बैटर डालकर थोड़ा मोटा फैलाएं। इसके बाद ऊपर से कटी हुई सब्जियां डालें और हल्का दबाएं। इसे धीमी आंच पर दोनों तरफ से पका लें। आप इसे नारियल चटनी या सांभर के साथ खा सकते हैं।
