नाश्ता दिन का सबसे जरूरी मील होता है। हालांकि, कई बार सुबह की जल्दबाजी के चलते लोग नाश्ता बना नहीं पाते हैं। अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है। यहां हम आपके लिए एक ऐसी रेसिपी लेकर आए हैं, जिसकी मदद से आप बेहद कम समय में अपने लिए ब्रेकफास्ट बना पाएंगे।
आज के नाश्ते में आप दही सैंडविच बनाकर खा सकते हैं। इन्हें बनाना बेहद आसान है, साथ ही ये खाने में भी बेहद स्वादिष्ट लगते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं ब्रेकफास्ट में टेस्टी दही सैंडविच बनाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका-
चाहिए होंगी ये चीजें-
- दही सैंडविच बनाने के लिए आपको ब्रेड
- 3/4 कप दही
- अपने पसंद की बारीक कटी सब्जियां (आप गाजर, पत्तागोभी, शिमला मिर्च, बीन्स, प्याज ले सकते हैं।)
- बारीक कटा हुआ हरा धनियां
- 2 बड़े चम्मच घी
- 1/3 छोटी चम्मच दरदरी कुटी हुई काली मिर्च
- 1/2 इंच कद्दूकस किया हुआ अदरक का टुकड़ा और
- स्वादानुसार नमक की जरूरत होगी।
कैसे बनाएं दही सैंडविच?
- इसके लिए सबसे पहले एक साफ कपड़े में दही को डालें और कपड़े के किनारों को बांधकर दही को थोड़ी देर के लिए किसी बर्तन में लटकाकर रख दें।
- ऐसा करने से दही से पानी निकल जाता है और ये हंग कर्ड बन जाती है।
- हंग कर्ड बन जाने के बाद इसमें एक-एक कर सभी सब्जियां मिला लें।
- इसके बाद दही में मसाले यानी काली मिर्च और स्वादानुसार नमक भी मिला लें।
- अब, तैयार स्टफिंग को ब्रेड के ऊपर लगाएं और इसे एक दूसरी ब्रेड से कवर कर लें।
- एक पैन पर घी डालकर गर्म करें और इसपर ब्रेड को रखकर दोनों तरफ से सेक लें।
- इतना करते ही आपके दही सैंडविच बनकर तैयार हो जाएंगे।
आप पुदीने की चटनी या कैचप के साथ इन्हें खा सकते हैं।