आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों को अपने लिए 10 मिनट निकालना भी मुश्किल हो गया है। इसपर अनहेल्दी लाइफस्टाइल और बाहर का खाना उन्हें कई तरह की परेशानियों से घेर रहा है। इन्हीं में से एक परेशानी है बढ़ते वजन की। आज के समय में अधिकतर लोग मोटापे की समस्या से परेशान हैं। वहीं, हैरानी की बात तो ये है कि इन लोगों में युवा तबका ज्यादा है। युवाओं में बढ़ता वजन ना केवल शर्मिंदगी का कारण बनता है, बल्कि ये अपने साथ कई तरह की बीमारियां भी लेकर आता है। मोटापे कोलेस्ट्रोल से लेकर डायबिटीज, हार्ट डिजीज, हाई यूरिक एसिड जैसी कई गंभीर और जानलेवा बीमारियों का कारण बन सकता है। ऐसे में इसे कंट्रोल करना बेहद जरूरी है।

हेल्थ एक्सपर्ट्स बढ़ते वजन को कंट्रोल करने के लिए एक्सरसाइज के साथ-साथ अपनी डाइट में कुछ खास चीजों को शामिल करने की भी सलाह देते हैं। इसी कड़ी में इस लेख में हम आपको ऐसी ही खास चीज के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसके नियमित सेवन से आपको तेजी से वजन कम करने में मदद मिलेगी। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से-

वजन को तेजी से घटा सकता है करी पत्ता

जी हां, हम यहां करी पत्ते की बात कर सकते हैं। बेहद कम लोग जानते होंगे कि खाने का जायका बढ़ाने वाला ये पत्ता शरीर को भी कई तरह से फायदा पहुंचाता है। करी पत्ते में आयरन, कैल्शियम, प्रोटीन, विटामिन बी 12, बी 1 भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। इसके अलावा इस छोटे से पत्ते में एंटीडायबिटिक, एंटीऑक्सीडेंट, एंटीमाइक्रोबियल जैसे गुण भी मौजूद होते हैं, जो सेहत को हेल्दी बनाए रखने में असरदार साबित हो सकते हैं।

कैसे करता है असर?

करी पत्ता मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करता है, जिससे अतिरिक्त चर्बी घटाने में मदद मिलती है, साथ ही इसमें मौजूद तत्व पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने में भी मदद करते हैं। ये शरीर से विषाक्त पदार्थों को साफ करता है, जिससे बॉडी डिटॉक्स होती है। इसमें महानिम्बाइन नामक अल्कलॉइड पाया जाता है, जिसमें एंटी-ओबेसिटी प्रभाव होते हैं। ऐसे में इसका सेवन अधिक कैलोरी बर्न कर बॉडी में जमा फैट को पिघलाने में आपकी मदद कर सकता है।

कैसे करें सेवन?

  • बढ़ते वजन को कम करने के लिए आप हर रोज खाली पेट करी पत्ते को धोकर चबा सकते हैं। ऐसा करने से शरीर में जमा टॉक्सिन्स बाहर निकलेंगे और अतिरिक्त फैट भी कम होगा। खाली पेट करी पत्ते को चबाने पर इसके रस से बॉडी को क्लोरोफिल मिलता है, जो आपको दिनभर एनर्जेटिक रख सकता है।
  • आप इन पत्तों की मदद से घर पर ही एक स्पेशल जूस तैयार कर सकते हैं। इसके लिए एक गिलास पानी और एक मुट्ठी करी पत्ते को लेकर ब्लेंडर में अच्छी तरह पीस लें। इसके बाद इसे छान लें और इसमें थोड़ा सा नींबू का रस मिलाएं। इस तरह आपका जूस बनकर तैयार हो जाएगा। इसे हर रोज खाली पेट पीएं।
  • इन सब के अलावा आप चाहें तो करी पत्ते से बना काढ़ा भी पी सकते हैं। इसके लिए 10 से 20 करी पत्ते लेकर उन्हें एक गिलास पानी में उबाल लें। इसके बाद पानी को छानें और उसमें थोड़ा सा शहद और नींबू का रस मिला लें। रोजाना सुबह खाली पेट इस पानी का सेवन भी कमाल का असर दिखा सकता है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।