पीरियड्स के समय कुछ महिलाओं को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। यह समय उनके लिए किसी रोलरकोस्टर राइड से कम नहीं होता। इस दौरान कुछ महिलाओं को पेट और कमर में असहनीय दर्द के साथ ही ऐंठन, बदन दर्द, चिड़चिड़ापन, तनाव और मूड स्विंग्स जैसी परेशानियों से जूझना पड़ता है। इसलिए माहवारी के दौरान खुद का ख्याल रखना बेहद ही महत्वपूर्ण होता है।
पीरियड्स के दौरान महिलाएं कई खाद्य पदार्थों को लेकर उलझन में रहती हैं कि क्या वह उनका सेवन कर सकती हैं या नहीं? ऐसी ही एक चीज है ‘दही’। ज्यादातर लोगों का मानना है कि माहवारी के दौरान खट्टी चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए। क्योंकि, इससे परेशानियां और बढ़ सकती हैं। स्वाद में खट्टी होने के कारण पीरियड्स के दौरान महिलाएं दही के सेवन से बचती हैं।
हालांकि, एक्सपर्ट्स की मानें तो दही प्रोबायोटिक गुणों से भरपूर है। इसमें मौजूद कैल्शियम पीरियड्स के दौरान महिलाओं को मूड स्विंग्स और तनाव से दूर रखता है, साथ ही हड्डियों को मजबूत भी बनाता है। जिससे मांसपेशियों में दर्द और ऐंठन को कम करने में मदद मिलती है। साथ ही दही आंत में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ाने में मदद करती है। यह सूजन और पाचन संबंधी समस्याओं से छुटकारा दिलाने में भी कारगर है।
इस तरह कर सकते हैं दही का सेवन: एक्सपर्ट्स की मानें तो पीरियड्स के दौरान आप लस्सी, स्मूदी या फिर छाछ के तौर पर दही का सेवन कर सकते हैं। इससे शरीर को हाइड्रेटिड रखने में मदद मिलती है।
पीरियड्स में इन चीजों का सेवन करने से बचें:
नमक: एक्सपर्ट्स की मानें तो माहवारी के दौरान ऐसी चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए, जिनमें नमक की उच्च मात्रा होती है। क्योंकि ऐसे खाद्य पदार्थ सूजन और दर्द को बढ़ा सकते हैं।
ज्यादा कॉफी: कुछ लोग पीरियड्स के दौरान चाय और कॉफी का अधिक सेवन करते हैं। हालांकि, ज्यादा मात्रा में कैफीन लेने से ब्रेस्ट टेंडरनेस बढ़ सकती है। ऐसे में माहवारी के दौरान अधिक कॉफी के सेवन से बचना चाहिए।
धूम्रपान: पीरियड्स के दौरान महिलाओं को धूम्रपान करने से भी बचना चाहिए। क्योंकि यह आपके दर्द को बढ़ा सकता है। ऐसे में जो महिलाएं सिगरेट आदि का सेवन करती हैं, उन्हें भी माहवारी के दौरान इससे बचना चाहिए।