अंडे को सुपरफूड कहा जाता है। इसका न केवल स्वाद बेहद कमाल का होता है, बल्कि अंडे में बॉडी के लिए जरूरी कई पोषक तत्व भी भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। खासकर जो लोग वेट लॉस करना चाहते हैं, वे प्रोटीन इंटेक के लिए अंडा खाना पसंद करते हैं। प्रोटीन फूड क्रेविंग को कंट्रोल करने में मदद करता है, इसके अलावा मेटाबॉलिज्म को भी बूस्ट करता है, जिससे बॉडी ज्यादा मात्रा में कैलोरी बर्न करती है और इस तरह आपको वेट लॉस करने में मदद मिलती है।

हालांकि, बाजार में दो तरह के अंडे मौजूद होते हैं। इनमें से एक का रंग सफेद (White Egg) होता है और दूसरे का रंग ब्राउन (Brown Egg)। ऐसे में कई बार लोगों के मन में सवाल होता है कि सफेद या ब्राउन, कौन से अंडे में ज्यादा प्रोटीन होता है या वेट लॉस के लिए किसे खाना ज्यादा फायदेमंद हो सकता है? अगर आपके मन में भी ये सवाल है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है। यहां हम आपको इसी सवाल का जवाब देने वाले हैं। आइए जानते हैं इस बारे में विस्तार से-

इससे पहले जान लेते हैं ब्राउन और सफेद अंडे में क्या अंतर है?

दरअसल, सफेद अंडे उन मुर्गियों द्वारा दिए जाते हैं जिनकी स्किन और कान की लोब सफेद होती है, जबकि ब्राउन अंडे ब्राउन या लाल रंग की मुर्गियों से आते हैं।

क्या ब्राउन अंडे में ज्यादा पोषक तत्व होते हैं?

बता दें कि ब्राउन अंडे की कीमत सफेद अंडे से ज्यादा होती है। ऐसे में कई लोग मानते हैं कि ब्राउन अंडा सफेद अंडे से ज्यादा हेल्दी है या इसमें ज्यादा पोषक तत्व पाए जाते हैं, जबकि ये धारणा पूरी तरह गलत है। ब्राउन अंडे ज्यादा दाम पर इसलिए मिलते हैं क्योंकि इन्हें देने वाली मुर्गियां ज्यादा फीड खाती हैं। इससे अलग दोनों अंडों के पोषण में बहुत मामूली अंतर होता है।

आपको जानकर हैरानी हो सकती है कि सफेद और ब्राउन, दोनों अंडों में ही प्रोटीन की मात्रा बराबर होती है। एक सामान्य आकार के ब्राउन अंडे में 6-7 ग्राम प्रोटीन होता है, ठीक इसी तरह एक सामान्य आकार के सफेद अंडे में भी 6-7 ग्राम ही प्रोटीन होता है। इससे अलग दोनों प्रकार के अंडों में लगभग 70 कैलोरी और 5 ग्राम फैट होता है। ब्राउन अंडे में कुछ मात्रा में ओमेगा-3 फैटी एसिड अधिक हो सकता है लेकिन यह अंतर बहुत मामूली होता है।

वेट लॉस के लिए कौन सा अंडा खाएं?

चूंकि दोनों प्रकार के अंडों में प्रोटीन, कैलोरी और फैट की मात्रा लगभग समान होती है, ऐसे में वेट लॉस के लिए आप सफेद या ब्राउन किसी भी अंडे का सेवन कर सकते हैं।

अंडे को हेल्दी तरीके से कैसे खाएं?

सिर्फ एग व्हाइट खाएं- अगर आप कम कैलोरी लेना चाहते हैं तो केवल अंडे का सफेद भाग (Egg White) खाएं।
उबला हुआ अंडा सबसे अच्छा विकल्प- तले हुए या ज्यादा मसालेदार अंडे से बचें और उबला हुआ अंडा खाएं।
ब्रेकफास्ट में अंडा जरूर शामिल करें- यह मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करता है और आपको लंबे समय तक फुल रखता है।
अंडे को सब्जियों के साथ मिलाएं- ऐसा करने से पोषण बढ़ जाता है और आपको फाइबर भी मिलता है।

उम्मीद है ये जानकारी आपको पसंद आई होगी। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- Chia Seeds VS Flaxseed: चिया सीड्स या फ़्लैक्स सीड्स, क्या खाने से जल्दी कम हो सकता है मोटापा?