Manoj Tiwari Wife: भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली के पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी को दूसरी बार पिता बनने का सुख प्राप्त हुआ है। बुधवार को उनके घर नन्हीं परी का जन्म हुआ है। उन्होंने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है। इसके बाद से ही उनकी ट्वीट पर शुभकामनाएं देने वालों का तांता लग गया है। भोजपुरी इंडस्ट्री के महानायक मनोज तिवारी की बड़ी बेटी जिया बारहवीं के बाद आगे की पढ़ाई कर रही हैं। बता दें कि मनोज की शादी साल 1999 में रानी तिवारी से हुई थी। आइए जानते हैं उनसे जुड़ी खास बातें –

आ गई थी तलाक की नौबत: बिग बॉस 4 का हिस्सा रह चुके मनोज तिवारी की कथित तौर पर एक्ट्रेस श्वेता तिवारी के साथ नज़दीकियों की खबर उन दिनों चर्चा में थी। इससे पहले भी दोनों कुछ एक भोजपुरी फिल्मों में साथ नज़र आ चुके थे। दोनों के रिलेशनशिप की खबरों से आहत होकर साल 2012 में रानी ने मनोज से तलाक लेने का फैसला लिया। बता दें कि रानी भी पेशे से एक सिंगर हैं। हालांकि, अलग होने के बावजूद वो हमेशा कहते थे कि उन्हें अपनी पत्नी से बेहद आत्मीयता है।

बेटी से हैं बेहद करीब: मनोज तिवारी को अपनी बड़ी बेटी जिया के बेहद करीब माना जाता है। जिया के बारहवीं पास करने के बाद उन्होंने एक महंगे ब्रांड की घड़ी उन्हें उपहारस्वरूप भेंट किया था। आए दिन मनोज अपनी बेटी के साथ सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हैं। वहीं, अपनी दूसरी बेटी के जन्म के बाद उन्होंने बच्ची की अपने साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा है कि ”मेरे घर आयी एक नन्ही परी… I am blessed with a baby girl… जय जगदंबे.. ”

करोड़ों की है संपत्ति: 2019 के चुनावी हलफनामे के अनुसार बीजेपी सांसद मनोज तिवारी की संपत्ति करोड़ों में है। 8.5 करोड़ रुपए की चल संपत्ति और 15 करोड़ से अधिक रुपए की अचल संपत्ति जो कुल मिलाकर करीब 24 करोड़ से भी अधिक राशि होती है। वहीं, उन पर 1.36 करोड़ रुपयों की देनदारी भी है। इसके अलावा, मुंबई में उनके पास 4 बीएचके ट्रिपल टेरेस फ्लैट भी है जिसे मनोज तिवारी ने साल 2010 में खरीदा था। वहीं, उनके पास होंडा सिटी, इनोवा, फॉर्च्यूनर, ऑडी और मर्सिडीज जैसी गाड़ियां भी हैं।