Bihar Election 2020: बिहार में विधानसभा चुनाव का प्रचार जोर पकड़ रहा है। सभी पार्टियों ने चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। इस बार चुनावी मैदान में कई चर्चित महिला शख़्सियत भी हैं। खासकर, पुष्पम प्रिया चौधरी के अलावा राष्ट्रीय जनता दल की दिव्या प्रकाश और भाजपा की श्रेयसी सिंह पर सभी की निगाहें हैं। दिव्या प्रकाश, लालू प्रसाद यादव की आरजेडी के टिकट पर तारापुर विधानसभा से चुनावी मैदान में हैं। वहीं मशहूर शूटर श्रेयसी सिंह जमुई से चुनावी मैदान में हैं।
श्रेयसी सिंह: देश-विदेश में भारत का नाम रोशन करने वालीं अंतराष्ट्रीय शूटर श्रेयसी सिंह जमुई विधानसभा सीट से भाजपा की उम्मीदवार हैं। श्रेयसी पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की पुत्री हैं। उनके दिवंगत पिता दिग्विजय सिंह भी जमुई से विधायक रह चुके हैं। श्रेयसी ने साल 2018 के कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था। वे अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित हो चुकी हैं। श्रेयसी सिंह के पास लगभग 4 करोड़ 4 लाख की चल-अचल संपत्ति है। श्रेयसी सिंह की संपत्ति में बड़ा हिस्सा कृषि भूमि का है।
श्रेयसी के पास दिल्ली में दो फ्लैट भी हैं। जमुई में श्रेयसी सिंह का मुकाबला आरजेडी के मौजूदा विधायक और पूर्व मंत्री विजय प्रकाश यादव से है। विजय प्रकाश यादव पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव के भाई हैं। गौरतलब है कि लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने श्रेयसी सिंह को अपनी छोटी बहन बताकर लोजपा कार्यकर्ताओं से उन्हें जीताने की अपील भी की है।
दिव्या प्रकाश: दिव्या प्रकाश राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के टिकट पर मुंगेर की तारापुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं। दिव्या, लालू यादव के करीबी पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव की बेटी हैं। चुनावी हलफनामे के मुताबिक दिव्या प्रकाश और उनके पति अमन यादव के पास 19 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति है। चुनावी हलफनामे के मुताबिक दिव्या प्रकाश के 555 ग्राम और उनके पति अमन के पास 50 ग्राम सोना भी है। उनपर कोई आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं है।
आपको बता दें कि तारापुर विधानसभा से चुनाव लड़ रहीं दिव्या प्रकाश इससे पहले अपने पिता जयप्रकाश नारायण यादव का सोशल कैंपेन देखती रही हैं। तारापुर विधानसभा सीट पर दिव्या प्रकाश का मुकाबला जेडीयू के मौजूदा विधायक मेवालाल चौधरी से हैं।
पुष्पम प्रिया चौधरी: पुष्पम प्रिया चौधरी बिहार की बांकीपुर और बिस्फी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं। चुनावी हलफनामे के मुताबिक पुष्पम के पास 27 लाख 890 रुपए का बैंक बैलेंस है। पुष्पम नीलम-पुखराज जैसे रत्नों की भी शौकीन हैं। द प्लुरल पार्टी की पुष्पम के पास 13 लाख रुपये कीमत की नीलम और पुखराज की अंगूठियां हैं।
शपथ पत्र में दिए ब्यौरे के मुताबिक इंस्टीट्यूट ऑफ डेवलपमेंट स्टडीज, बर्मिंघम से पढ़कर लौटीं पुष्पम अभी अपना एजुकेशन लोन भी नहीं चुका पाई हैं। उनपर 4 लाख 91 हजार रुपए का एजुकेशन लोन बकाया है। दिलचस्प, बात यह है कि पुष्पम प्रिया चौधरी के पास कोई बाइक, कार और जमीन नहीं है। पुष्पम ने अपने नामांकन फॉर्म में बताया है कि उनके पास सिर्फ 8 हजार रुपए कैश है। इसके अलावा पुष्पम ने 5 लाख से अधिक का इंश्योरेंस भी कराया हुआ है।