बिहार में चुनावी सरगर्मियां तेज हैं और सभी पार्टियां चुनाव जीतने के लिए पूरा जोर लगा रही हैं। नीतीश कुमार से लेकर तेजस्वी यादव तक, सभी रोजगार और शिक्षा को लेकर बड़े-बड़े वादे कर रहे हैं। आइए जानते हैं कितने पढ़े हुए हैं नीतीश कुमार से लेकर लालू प्रसाद जैसे बड़े नेताओं के बेटे –
तेजस्वी यादव
आरजेडी की चुनावी कमान संभाल रहे लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव ज्यादा पढ़े लिखे नहीं हैं। लालू प्रसाद यादव के राजनीतिक वारिस तेजस्वी यादव सिर्फ 9वीं पास हैं। हालांकि तेजस्वी नीतीश कुमार के साथ गठबंधन सरकार में उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं। तेजस्वी यादव राजनीति में आने से पहले क्रिकेट भी खेल चुके हैं। तेजस्वी यादव चार सीजन आईपीएल की टीम दिल्ली डेयरडेविल्स का हिस्सा भी रहे हैं। हालांकि तेजस्वी यादव को आईपीएल में मैच खेलने का मौका नहीं मिला। तेजस्वी इस बार राघोपुर विधानसभा से चुनाव लड़ रहे हैं।
तेजप्रताप यादव
हसनपुर से विधानसभा चुनाव लड़ रहे लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव भी ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं है। चुनावी हलफनामे के मुताबिक तेज प्रताप यादव सिर्फ 12वीं पास हैं। हालांकि नीतीश कुमार की गठबंधन सरकार में तेज प्रताप यादव स्वास्थ्य मंत्रालय संभाल चुके हैं।
चिराग पासवान
दिवंगत केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के बेटे और लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान ने कंप्यूटर साइंस से इंजीनियरिंग की है। इसके अलावा चिराग पासवान ने फैशन डिजाइनिंग भी किया हुआ है। राजनीति में आने से पहले चिराग बॉलीवुड में भी हाथ आजमा चुके हैं।
निशांत कुमार
राजनीति और लाइमलाइट से दूर रहने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मेसरा से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। निशांत कुमार का राजनीति के बजाय आध्यात्म की तरफ ज्यादा रुझान है।
संतोष कुमार सुमन
पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के बेटे संतोष कुमार सुमन खूब पढ़े लिखे हैं। संतोष कुमार सुमन पीएचडी डिग्री धारक हैं। सन् 2000 में संतोष कुमार सुमन ने यूजीसी नेट की परीक्षा भी पास की थी।
प्रिंस राज
रामविलास पासवान के भतीजे और लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष प्रिंस राज भी खूब पढ़े लिखे हैं। प्रिंस राज ने लंदन के इंटरनेशनल बिजनेस यूनिवर्सिटी ऑफ हर्टफोर्डशायर से एमएससी की पढ़ाई की है।
अर्जित शाश्वत
केंद्रीय मंत्री और बक्सर से भाजपा सांसद अश्विनी चौबे के बेटे अर्जित शाश्वत ने भी विदेश से पढ़ाई की है। अर्जित ने ऑस्ट्रेलिया की सदर्न क्रॉस यूनिवर्सिटी से एमबीए किया है।