आज के समय में अधिकतर लोग तेजी से वजन कम करने के तरीके खोजने में लगे हैं। कारण है खराब लाइफस्टाइल और खानपान में गड़बड़ी। इन दोनों अनहेल्दी आदतों के चलते वजन तेजी से बढ़ने लगता है, जो ना केवल शर्मिंदगी का कारण बनता है, बल्कि अपने साथ-साथ कई गंभीर बीमारियां भी लेकर आता है। ऐसे में बढ़ते वजन को कम करने के लिए कुछ लोग जिम का सहारा लेना शुरू कर देते हैं, तो कुछ घर पर ही डाइटिंग की मदद लेते हैं। हालांकि, कई बार घंटों जिम में पसीना बहाने और बेहद स्ट्रीक्ट डाइटिंग के बाद भी मनचाहे नतीजे नहीं मिल पाते हैं। अगर आप भी इसी परेशानी से जूझ रहे हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार साबित हो सकता है। इस लेख में हम आपको एक ऐसी कमाल की ड्रिंक के बारे में बता रहे हैं, जो तेजी वेट लॉस करने में आपकी मदद कर सकती है।

दरअसल, ये ड्रिंक और कुछ नहीं बल्कि जौ का पानी है। बेहद कम लोग जानते होंगे कि जिस तरह जौ की रोटी को सेहत का खजाना माना जाता है, ठीक उसी तरह जौ का पानी भी आपको कई तरह से फायदा पहुंचा सकता है। खासकर जिद्दी चर्बी को पिघलाने में ये पानी बेहद असरदार है।

कैसे कम करता है मोटापा?

कई शोध के नतीजे बताते हैं कि जौ का पानी पाचन के लिए टॉनिक के रूप में काम करता है। इसमें फाइबर की मात्रा अधिक होती है, जो मेटाबॉलिज्म को बूस्ट कर तेजी से वजन घटाने में मदद करता है। फाइबर को पचने में अधिक समय लगता है, पेट में जाने के बाद ये आपको जल्दी-जल्दी भूख नहीं लगने देता है, इससे आप कम कैलोरी का इंटेक करते हैं और अनहेल्‍दी स्नैकिंग से बच जाते हैं। इस तरह आपका वजन कंट्रोल में रहता है। इसके अलावा नियमित रूप से जौ के पानी का सेवन करने से शरीर में जमे विषाक्त पदार्थ बाहर निकलते हैं और शरीर डिटॉक्स होता है। इस तरह भी वजन बढ़ने के चांस बेहद कम हो जाते हैं।

कैसे करें तैयार?

  • जौ का पानी बनाने के लिए आधा कप जौ लें और इसमें करीब 1.5 लीटर पानी लेकर एक पैन में उबलने के लिए रख दें।
  • करीब 5 मिनट बाद इस पानी में दालचीनी का एक टुकड़ा डाल लें और करीब 30 मिनट तक पानी को मध्यम आंच पर उबलने दें।
  • तय समय बाद पानी को गैस से उतार लें और कुछ देर के लिए इसे ऐसे ही ठंडा होने के लिए रख दें।
  • ठंडा होने पर पानी को छानकर इसमें 2 चम्मच नींबू का रस और स्वादानुसार शहद मिला लें।
  • आप इसे अधिक मात्रा में बनाकर फ्रिज में स्टोर कर भी रख सकते हैं।

एक्सपर्ट्स बताते हैं कि 21 दिन तक सुबह खाली पेट और शाम के समय इस पानी का सेवन तेजी से वजन घटाने में आपकी मदद करेगा। साथ ही इस पानी के सेवन से आपको और भी कई फायदे मिलेंगे।

क्या हैं अन्य फायदे?

  • जौ में कैल्शियम की अच्छी मात्रा पाई जाती है, ऐसे में जौ का पानी हड्डियों को मजबूत बनाने और इससे जुड़ी बीमारियों को दूर करने में मदद करता है।
  • जौ में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट गुण बैड कोलेस्ट्रॉल को कम कर हृदय रोग और स्ट्रोक जैसी जानलेवा बीमारियों के खतरे को कम करते हैं।
  • जौ का पानी गुर्दे की कार्यप्रणाली में भी सुधार करता है, साथ ही इसके सेवन से गुर्दे की पथरी को रोकने में भी मदद मिल सकती है।
  • इन सब के अलावा जिन लोगों को हाई बीपी की समस्या है, उनके लिए भी जौ का पानी फायदेमंद साबित हो सकता है। इसे पीने से हाई बीपी के स्तर को सामान्य किया जा सकता है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।