आज के समय में हर किसी को सफेद और चमकते हुए दांत पसंद हैं। हालांकि, अनियमित खानपान के कारण दांतों पर पीली परत चढ़ जाती है, जिससे यह बेहद ही भद्दे लगने लगते हैं। दांतों के पीले होने की वजह ज्यादा कॉफी पीना, गुटखे और तंबाकू का सेवन करना, या फिर ज्यादा सिगरेट पीना हो सकता है। ऐसे में आप घरेलू उपायों के जरिए अपने दांतों का पीलापन दूर कर सकते हैं।
सेब का सिरका: सेब का सिरका स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद होता है। क्योंकि, इसमें कई तरह के पोषक तत्व मौजूद होते हैं। सेब का सिरका दांतों का पीलापन दूर करने में कारगर है। इसके लिए एक कप पानी में आधा चम्मच सेब का सिरका डाल लें। फिर इस मिश्रण को टूथब्रश की सहायता से अपने दांतों में लगा लें। ऐसा करने से दांत पूरी तरह से साफ हो जाते हैं। इससे धीरे-धीरे दांतों में चमक भी आ जाती है।
संतरा: संतरा यूं तो त्वचा और बालों की चमक को निखारने में कारगर है। इसके अलावा यह दांतों का पीलापन दूर करने में भी कारगर है। इसके लिए संतरे के छिलके का पाउडर रोजाना सुबह और रात को सोने से पहले लगाएं। संतरे के छिलके में मौजूद कैल्शियम और विटामिन सी दांतों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। नियमित तौर पर संतरे के छिलके का इस्तेमाल दांतों को चमकाने में फायदेमंद है।
नारियल का तेल: दांतों का पीलापन दूर करने के लिए नारियल का तेल रामबाण है। इसके लिए एक चम्मच नारियल का तेल अपने मुंह में डाल लें और फिर पांच मिनट के लिए खुल्ला करें। बाद में अपने टूथब्रश पर नारियल के तेल की कुछ बूंदे डालकर उससे ब्रश करें। रोजाना यह उपाय करने से आपके दांतों से पीलापन दूर हो सकता है।
हल्दी: हल्दी में कई तरह के एंटी-बैक्टीरियल गुण मौजूद होते हैं। यह दातों पर मौजूद बैक्टीरिया को खत्म करने में कारगर है। इसके लिए टूथब्रश पर चुटकी भर हल्दी डाल लें। फिर इससे ब्रश करें। इसके बाद पानी से कुल्ला कर लें। हल्दी दांतों पर मौजूद जिद्दी पीलेपन को कम करने में मदद करती है।
नीम: नीम की दातून का आज भी गांवों के लोग इस्तेमाल करते हैं। नीम की रोजाना दातून करने से मुंह की कई समस्याओं से छुटकारा पाया जा सकता है। जिसमें पीले दांत और मुंह की बदबू शामिल हैं।