Isha Ambani: ईशा अंबानी यूं तो दुनिया के सबसे अमीर शख्सियतों में से एक मुकेश अंबानी की बेटी हैं। लेकिन उनकी पहचान बस यहीं तक सीमित नहीं है। ईशा अंबानी अपने भाई आकाश अंबानी के साथ रिलायंस का रिटेल और टेलीकॉम बिजनेस देखती हैं। कहा जाता है कि जियो 4जी की शुरुआत का आइडिया भी मुकेश अंबानी को ईशा ने ही दिया था। साल 2018 में ईशा की शादी आनंद पीरामल से हुई थी। आइए जानते हैं उनसे जुड़ी खास बातें –

MBA कर चुकी हैं ईशा: ईशा की प्रारंभिक पढ़ाई मुंबई के धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल (जिनकी निदेशक नीता अंबानी हैं) से हुई है। इसके बाद वो अमेरिका चली गईं और वहां के येल विश्वविद्यालय से ईशा ने साइकोलॉजी विषय में स्नातक किया है। साथ ही, साउथ एशियन स्टडीज की पढ़ाई भी की है। फिर उन्होंने स्टैनफोर्ड बिजनेस स्कूल से एमबीए की डिग्री हासिल की है। बता दें कि उन्होंने McKinsey में बिजनेस एनालिस्ट के पद पर भी काम किया है।

Forbes लिस्ट में हो चुकी हैं शामिल: बताया जाता है कि महज 16 साल की उम्र में ही ईशा का नाम फॉर्ब्स की सूची में लिखा गया था। छोटी सी उम्र में ही उनका नाम टॉप टेन बिलेनियर में शामिल किया गया था। यही नहीं, पिछले साल फॉर्च्यून इंडिया द्वारा जारी की गई देश की सबसे शक्तिशाली बिजनेस वुमन की सूची में भी ईशा शामिल हैं। उन्हें इस लिस्ट में 16वें स्थान पर रखा गया है।

सामाजिक कार्यों में भी हैं आगे: ईशा अंबानी चैरिटेबल इवेंट्स में खूब भाग लेती हैं। कुछ साल पहले ईशा अंबानी ने जैसलमेर (राजस्थान) में एक गर्ल्स स्कूल में इवेंट कराया था। इसके अलावा, उन्होंने रिलायंस आर्ट फाउंडेशन की भी नींव रखी जिससे भारतीय कला को बढ़ावा दिया जा सके। वहीं, मां नीता अंबानी के साथ उनके एनजीओ में भी ईशा ने बढ़-चढ़कर काम किया है।

बेहतरीन है फैशन सेंस: ईशा अक्सर अपनी ब्यूटीफुल लुक, एक्सपेंसिव एक्सेसरीज और स्टाइल सेंस की वजह से खबरों में बनी रहती हैं। हालांकि, कई बार उन्हें अपने कपड़ों को रिपीट करते हुए भी देखा गया है। एक इंटरव्यू में ईशा ने बताया था कि उन्हें भारतीय कपड़े पहनने बेहद पसंद है। उन्हें सूती कुर्ते जिनपर ब्लॉक प्रिंट्स हों, उसे पहनना बेहद पसंद है। बता दें कि कपड़ों का फेमस ऑनलाइन ब्रांड AJIO को भी ईशा ने ही लॉन्च किया था। ब्रांडिंग से लेकर इस कंपनी को मैनेज करने की जिम्मेदारी उनकी ही है।