गर्मी के मौसम में फ्रिज ही एक मात्र सहारा है जिसमें हम खाने-पीने की चीजों को सड़ने से बचाते हैं और उन्हें ठंडा करते हैं। फ्रिज को तकनीकी प्रगति में से एक माना जा सकता है जिसमें हम खाने-पीने की चीजें लम्बे समय तक फ्रेश रखते हैं। कुछ समय के लिए खाने-पीने की चीजें फ्रिज में रखना समय की जरूरत है। बढ़ती मसरूफियत के बीच हमारे पास इतना वक्त नहीं होता है कि हम तीनों समय ताज़ा खाना बनाएं और खा लें।
हम अक्सर सुबह खाना बनाकर उसका दोपहर और रात में भी सेवन कर लेते हैं। गर्मी में खाने-पीने की ज्यादातर चीजें हम फ्रिज में स्टोर रखते हैं। फ्रिज में रखने से ये फूड लम्बे समय तक सुरक्षित रहते हैं। हम छुट्टी के दिन हफ्ते भर की खाने-पीने की चीजें खरीद लेते हैं और उन्हें फ्रिज में स्टोर कर देते हैं। हमारी रोज की जरूरतों में फल,सब्जियां और ब्रेड शामिल है जिसका हम ज्यादा सेवन करते हैं। इन सभी फूड्स को हम हफ्ता भर तक फ्रिज में रखते हैं।
आप जानते हैं कि कुछ फल,सब्जियां और अनाज से बने फूड्स ऐसे हैं जिन्हें फ्रिज में रखने से उनकी तासीर बदल जाती है और उनके पोषक तत्व भी बदल जाते हैं। इन फूड्स को भूलकर भी फ्रिज में नहीं रखें,इन फूड्स को फ्रिज में रखने के बजाए अगर बाहर रखा जाए तो ये ज्यादा सुरक्षित और पौष्टिक रहते हैं। आइए जानते हैं कि गर्मी में कौन-कौन से ऐसे फल है जिन्हें भूलकर भी फ्रिज में नहीं रखना चाहिए।
प्याज और लहसुन को फ्रिज में नहीं रखें:
लहसुन और प्याज को फ्रिज में नहीं रखना चाहिए । बहुत कम और नम तापमान प्याज के स्टार्च को शर्करा में बदल सकता है, जिससे यह बहुत नरम हो जाता है और जल्दी खराब होने लगता है। प्याज की ही तरह लहसुन भी फ्रिज में स्टोर ना करें। इसे सामान्य तापमान वाली जगह पर स्टोर करें लम्बे समय तक सुरक्षित रहेगा।
तरबूज को भूलकर भी फ्रिज में नहीं रखें:
तरबूज गर्मी का बेहतरीन फ्रूट है जो बॉडी में पानी की कमी को पूरा करता है और बॉडी को हाइड्रेट रखता है। तरबूज का सेवन अक्सर लोग ठंडा करके करते हैं। अगर आप तरबूज को फ्रिज में रखना चाहते हैं तो कुछ समय के लिए बिना काटे ही रखें। तरबूज को काटकर फ्रिज में रखने से फूड पॉइजनिंग का खतरा हो सकता है। कटे हुए तरबूज में बैक्टीरिया पैदा होने लगते हैं जो सेहत को नुकसान पहुंचाते हैं। तरबूज को भूलकर भी फ्रिज में नहीं रखना चाहिए।
ब्रेड को भूलकर भी नहीं रखें फ्रिज में:
अक्सर आपने ग्रोसरी स्टोरी में देखा होगा कि ब्रेड काउंटर में रखी होती है। इसे फ्रिज में रखने से ये जल्दी सूख जाती है। आप इसे रूम के तापमान पर ब्रेड बॉक्स में रखें तो 3-4 दिनों तक इसे ठीक रख सकते हैं। आप इसे पॉलिथीन में भी रखकर स्टोर कर सकते हैं।
शहद को भूलकर भी फ्रिज में स्टोर नहीं करें:
औषझीय गुणों से भरपूर शहद का सेवन अगर रूम के तापमान में रखकर किया जाए तो ये लम्बे समय तक खराब नहीं होता। शहद को फ्रिज में रखने से इसमें दाने पड़ने लगते हैं और यह जल्दी खराब हो जाता है। शहद को फ्रिज में रखने से वो गाढ़ा हो जाता है और जमने लगता है। इसे फ्रिज में रखने से इसकी तासीर भी बदलने लगती है।