भारतीय क्रिकेट युजवेंद्र चहल और कोरियोग्राफर धनश्री वर्मा ने पिछले महीने शादी की है। शादी के बाद पहले की तरह ही दोनों सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय हैं। धनश्री ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर दो तस्वीरें शेयर की है। इसमें वो युजवेंद्र चहल के साथ दिखाई दे रही हैं। फोटो के लिए धनश्री ने चहल को हंसना सिखाया है। दूसरी ओर, टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक विज्ञापन की शूटिंग के लिए मुंबई में दिखाई दिए हैं। उनका फोटो वायरल हो गया है।

धनश्री ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘‘आकाश ईश्वर का कैनवास है और अगर आप फोटो को स्वाइप करते हैं तो आपको पता चलेगा कि कैसे मैंने उन्हें (चहल) हमारी परफेक्ट तस्वीर के लिए स्माइल कराया।’’ धनश्री ने हाल ही में अपना एक डांस वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया था। धनश्री वर्मा का ताजा डांस वीडियो पंजाबी इंडस्ट्री के सुपरहिट सिंगर हार्डी संधू के ‘तितलियां’ म्यूजिक एल्बम के गाने पर है। वीडियो में धनश्री स्पोर्टी लुक में दिख रही थीं।

युजवेंद्र चहल ऑस्ट्रेलिया में सीमित ओवर फॉर्मेट में टीम इंडिया का हिस्सा थे। वह टेस्ट सीरीज से पहले स्वदेश आ गए थे। चहल और धनश्री की मुलाकात इसी साल लॉकडाउन के दौरान हुई थी। प्रेम कहानी आगे बढ़ने के बाद दोनों साथ में जिंदगी बिताने का फैसला लिया। 22 दिसंबर को दोनों ने शादी कर ली। युजवेंद्र जहां क्रिकेट टीम का अहम हिस्सा हैं तो वहीं धनश्री बेहतरीन डांसर हैं जो खुद की डांस एकेडमी भी चलाती हैं।

दूसरी ओर, धोनी की बात करें तो वो भी हाल ही में दुबई से आए थे। आईपीएल समाप्त होने के बाद वे यूएई से भारत आए थे। उसके बाद पत्नी और बेटी जीवा को लेकर दुबई छुट्टी मनाने के लिए गए थे। वे न्यू ईयर सेलिब्रेट करने के बाद भारत वापस लौटे थे। हाल ही में उन्होंने बेटी जीवा के साथ एक बिस्किट का विज्ञापन किया था। यह जीवा का पहला कर्मशियल एड था। धोनी इन दिनों अपने खेतों को लेकर भी चर्चा में हैं। उनकी खेती से जुड़े वीडियो और फोटो वायरल होते रहते हैं।