कोरोनावायरस के कारण क्रिकेट के मैच नहीं हो रहे हैं। सभी क्रिकेटर फिलहाल घर पर अपने परिवार के साथ क्वालिटी टाइम बिता रहे हैं। भारतीय टीम के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा मस्ती करते नजर आते हैं। वे ट्विटर और फेसबुक के साथ-साथ TikTok पर भी लगातार सक्रिय रहते हैं। टीम इंडिया में ‘कुल्चा’ के नाम से मशहूर चहल फैंस के मनोरंजन के लिए सेल्फ-आईसोलेशन में पिता के साथ एक फनी टिकटॉक वीडियो बनाया है।
चहल ने इस वीडियो को ट्वीटर पर भी शेयर किया है। 15 सेकेंड के वीडियो में वे अपने पिता के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने इस वीडियो का कैप्शन लिखा है- ‘‘मेरा पहला टिकटॉक वीडियो पिता के साथ।’’ वीडियो में पिता ने पूछा- बेटा तेरा रिजल्ट का क्या हुआ। इस पर भारतीय स्पिनर ने कहा- ‘डैड, एक गुड न्यूज है और एक बैड न्यूज।’ चहल के पिता ने कहा- गुड न्यूज बता। चहल ने कहा- मैं पास हो गया। इसके बाद पिता ने बैड न्यूज पूछा तो चहल बोले- गुड न्यूज गलत है। फिर उनके पिता उन्हें मारने के लिए दौड़ पड़े।
My first TikTok video with dad Dad & Son #Quarantine #staysafe pic.twitter.com/DJklsz1bDH
— Yuzvendra Chahal (@yuzi_chahal) March 26, 2020
चहल टिकटॉक पर लगातार सक्रिय रहते हैं। उन्होंने अभी तक 31 वीडियो बनाए हैं। टिकटॉक पर उनके 3.2 मिलियन (32 लाख) फॉलोवर हैं। उन्हें अब तक 21.9 मिलियन (2.19 करोड़) लाइक्स मिल चुके हैं। चहल खुद 75 लोगों को फॉलो करते हैं। उन्होंने पहला वीडियो अपने कुत्ते के साथ पिछले साल 12 दिसंबर को बनाया था। टीम इंडिया के साथियों के साथ उन्होंने 2 जनवरी को एक वीडियो शेयर किया था, जिसे 53.6 मिलियन (5.36 करोड़) बार देखा गया।
कोरोनावायरस के कारण सरकार ने 21 दिन के लिए देश में लॉकडाउन किया है। 29 मार्च से होने वाले आईपीएल को 15 अप्रैल तक के लिए टाल दिया गया है। बीसीसीआई 15 अप्रैल के बाद ही इस टूर्नामेंट के आयोजन पर कोई फैसला लेगी। भारत में इस वायरस के कारण अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 600 से ज्यादा लोग अब तक संक्रमित हैं।