भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पिछले 9 महीने से पेशेवर क्रिकेट से दूर हैं। वे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 13वें सीजन से वापसी करने वाले थे, लेकिन कोरोनावायरस के कारण टूर्नामेंट को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया। भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल कई बार धोनी को अपनी सफलता का श्रेय दे चुके हैं। उन्होंने रविवार यानी 3 अप्रैल को माही को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट किया। चहल लॉकडाउन में सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय हैं।
चहल ने इंस्टाग्राम के पर धोनी के साथ फोटो डालते हुए लिखा, ‘‘विकेट के पीछे से महान खिलाड़ी की ओर से मुझे तिल्ली बुलाना मिस कर रहा हूं।’’ उनके इस पोस्ट को लाखों लोगों ने लाइक किया है। क्रुणाल पंड्या ने दिल का इमोजी कमेंट बॉक्स में दिया। दरअसल, धोनी टीम इंडिया के सबसे सीनियर खिलाड़ी है। वे विकेटकीपिंग करने के दौरान सभी खिलाड़ियों को उनके निकनेम से ही बुलाते हैं। कप्तान विराट कोहली ने भी कई इंटरव्यू में कहा है कि धोनी ने उनका नाम ‘चीकू’ फेमस किया है।
चहल ने कुछ दिनों पहले बीसीसीआई के एक वीडियो में टीम बस में एक खाली सीट को दिखाया था। वह धोनी का सीट था। चहल ने कहा था कि इस सीट पर अब कोई नहीं बैठता। चहल ने कहा था, ‘‘ये सीट, जहां दिग्गज बैठते थे, माही भाई (महेंद्र सिंह धोनी)। अब भी यहां कोई नहीं बैठता है। हम उन्हें बहुत मिस करते हैं।’’ धोनी आईपीएल के 13वें सीजन की तैयारी के लिए चेन्नई भी गए थे। सुरेश रैना के मुताबिक, वे बल्ले से बेहतर प्रदर्शन कर रहे थे। नए-नए शॉट भी लगा रहे थे।
चहल और कुलदीप यादव की सफलता के पीछे धोनी का बहुत योगदान दिया है। कुलदीप ने भी हाल ही में कहा था कि माही भाई के रहने से उनका 50% काम हो जाता है। वे फील्डिंग सेट कर देते थे। चहल ने 52 वनडे में 5.07 की इकॉनमी रेट से 91 विकेट लिए हैं। 42 रन पर 6 विकेट उनका बेहतर प्रदर्शन रहा है। वहीं, टी20 में उन्होंने 42 मैच में 55 विकेट हासिल किए हैं। आईपीएल में उनके नाम 84 मैच में 100 विकेट हैं।