महेंद्र सिंह धोनी को पसंद करने वालों की कमी नहीं है। हर उम्र और हर वर्ग के लोग उन्हें पसंद करते हैं। कुछ ऐसे भी लोग भी हैं जो कि धोनी पसंद नहीं करते। ऐसे लोगों की लिस्ट में सबसे ऊपर नाम आता है पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह का। उन्होंने कई बार धोनी को युवराज सिंह के करियर को खत्म करने की वजह बताया। युवराज सिंह ने अब बताया है कि धोनी उनके करीबी दोस्त नहीं है।
युवराज सिंह धोनी को नहीं मानते अपना दोस्त
बियरबाइसेप शो में बात करते हुए युवराज सिंह ने कहा, ‘मैं और माही करीबी दोस्त नहीं है। हम सिर्फ इसलिए दोस्त थे क्योंकि हम साथ खेले। उसका लाइफस्टाइल मुझसे अलग था इसलिए हम कभी बहुत करीब नहीं आए। जब मैं और माही ग्राउंड पर होते थे तो हम देश के लिए अपना 100 प्रतिशत देते थे। वह कप्तान था मैं उपकप्तान। वह मुझे चार साल जूनियर था। उसके कई फैसले मुझे पसंद नहीं होते थे और मेरे कई फैसले उसे लेकिन ये हर टीम में होता है।’
रिटायरमेंट से पहले युवराज ने की थी धोनी से बात
उन्होंने आगे कहा, ‘जब मैं करियर के आखिर में था और मुझ समझ नहीं आ रहा था कि क्या हो रहा है तब मैं धोनी से बात की। मैं उससे सलाह मांगी और उसने बताया कि सेलेक्शन कमेटी तुम्हारे बारे में नहीं सोच रही है। मैंने कहा चलो किसी ने तो मुझे असली पिक्चर दी करियर के बारे में। ये साल 2019 वर्ल्ड कप ठीक पहले की बात है। यही सच है।’
वर्ल्ड कप फाइनल को लेकर भी कही बड़ी बात
युवराज सिंह ने वर्ल्ड कप के बारे में भी बात की और बताया कि फाइनल में महेंद्र सिंह धोनी उनसे पहले बल्लेबाजी करने क्यों उतरे थे। उन्होंने कहा, ‘साल 2011 वर्ल्ड कप में ये तय था कि अगर गौतम गंभीर आउट होता है तो मैं जाऊंगा और अगर विराट आउट होगा तो धोनी जाएगा। ये चीज दोस्ती से ज्यादा अहम है। हम प्रोफेशनल क्रिकेटर्स हैं। वह भी रिटायर हो चुका है और मैं भी। जब हम मिलते हैं तो दोस्तों की तरह मिलते हैं।’