वेस्टइंडीज के आक्रामक बल्लेबाज क्रिस गेल अपनी तेज तर्रार बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने टी20 फॉर्मेट में 13 हजार से ज्यादा रन बनाए हैं। वे IPL में किंग्स इलेवन पंजाब के लिए खेलते हैं। भारत में कई सालों से खेलने के दौरान उन्होंने हिंदी बोलने का खूब अभ्यास किया है, लेकिन अब तक सफल नहीं हो पाए हैं। भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें गेल हिंदी बोलने का प्रयास कर रहे हैं।
युवराज ने गेल के साथ प्रैंक किया। गेल से एक लाइन बोलने के लिए कहा गया – कॉन्फिडेंस मेरा, कब्र बनेगी तेरी। इस लाइन को गेल सही से नहीं बोल पाए। वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज ने कॉन्फिडेंस मेरा तो सही से बोल लिया, लेकिन वे कब्र बनेगी तेरी नहीं बोल पाए। युवराज ने गेल के इस वीडियो को इंस्टाग्राम और ट्विटर पर शेयर किया है। उन्होंने गेल से कहा- वेल सेड काका।
क्रिस गेल इस सीजन में भी किंग्स इलेवन पंजाब के लिए खेलने वाले थे। IPL 2020 की शुरुआत 29 मार्च से होने वाली थी, लेकिन कोरोनावायरस के बढ़ते प्रभावों के कारण टूर्नामेंट को 15 अप्रैल तक के लिए टाल दिया गया है। जल्द ही टूर्नामेंट के बारे में आखिरी फैसला लिया जाएगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली के मुताबिक, तारीखों की कमी के कारण इस साल टूर्नामेंट छोटा होगा।
IPL 2020: चेन्नई से लौटे महेंद्र सिंह धोनी, फैंस ने कहा किसी से हाथ मत मिलाइए; देखें VIDEO
क्रिस गेल आईपीएल में कोलकाता नाइटराइडर्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और किंग्स इलेवन पंजाब के लिए खेले हैं। उन्होंने 125 मैचों में 4484 रन बनाए हैं। इस दौरान गेल के बल्ले से 6 शतक निकले हैं। वे इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। गेल ने 326 छक्के और 369 चौके लगाए हैं। उन्होंने पिछले सीजन में पंजाब के लिए 13 मैच में 490 रन बनाए थे।