Yuvraj Signh vs MS Dhoni Net Wroth: युवराज सिंह और महेंद्र सिंह धोनी दोनों भारतीय क्रिकेट के वो नाम हैं जिन्हें कभी नहीं भूला जा सकता है। दोनों ने साथ मिलकर टीम इंडिया को क्रिकेट में नई ऊंचाईयों तक पहुंचाया। टी20 वर्ल्ड कप 2007 की बात करें या फिर वनडे वर्ल्ड कप 2011 की इन दोनों की जोड़ी ने कमाल किया था। धोनी ने भारत को दो वर्ल्ड कप खिताब दिलाए जबकि उस पल को क्रिकेट फैंस शायद ही भूल सकते हैं जब युवराज कैंसर से जूझ रहे थे, लेकिन देश के लिए वनडे वर्ल्ड में खेल रहे हैं।

योगराज सिंह ने धोनी पर लगाया बड़ा आरोप

युवराज सिंह और एमएस धोनी का नाम एकदम से ज्यादा चर्चा में तब आ गया जब युवी के पिता योगराज सिंह ने एक सितंबर 2024 को एमएस धोनी पर बड़ा आरोप लगा दिया और कहा कि धोनी ने युवराज के क्रिकेट करियर को बर्बाद करने का काम किया नहीं तो युवी देश के लिए 4-5 साल क्रिकेट और खेलते। उन्होंने कहा कि धोनी इतने बड़े क्रिकेटर हैं, लेकिन उन्होंने युवराज के लिए कभी कुछ अच्छा नहीं किया। यही नहीं उन्होंने कहा कि जिस तरह से कैंसर से जूझते हुए युवराज ने भारत के लिए खेला उन्हें भारत रत्न के सम्मान से नवाजा जाना चाहिए।

युवी ने 17 साल जबकि धोनी ने 15 साल भारत के लिए खेला

युवराज सिंह ने भारत के लिए डेब्यू साल 2002 में किया था और 2017 में उन्होंने आखिरी इंटरनेशनल मैच खेला था, तो वहीं धोनी ने भारत के लिए साल 2004 में डेब्यू किया था और 2019 में उन्होंने टीम इंडिया के लिए आखिरी मैच खेला था। युवी का क्रिकेट करियर 17 साल का था जबकि धोनी ने भारत के लिए 15 साल तक खेला। धोनी ने भारत के लिए कप्तानी की और सबसे सफल कप्तान भी बने, लेकिन युवराज को कप्तानी का मौका कभी मिल नहीं पाया। अपने क्रिकेट करियर के दौरान इन दोनों खिलाड़ियों ने जमकर पैसे भी कमाए, लेकिन कमाई के मामले में धोनी, युवराज से कम दिन खेलकर भी काफी आगे नजर आते हैं।

युवराज से तीन गुना ज्यादा है धोनी का नेटवर्थ

एमएस धोनी और युवराज सिंह ने अपने क्रिकेट करियर में ज्यातार कमाई बीसीबीआई के अनुबंध, मैच फीस, आईपीएल, और ब्रांड एंडोर्समेंट के जरिए की। यहां पर एक फर्क ये भी है कि धोनी अब भी आईपीएल में खेल रहे हैं, लेकिन युवी इस लीग का हिस्सा अब नहीं हैं, लेकिन वो अन्य टी20 लीग में खेलते हुए नजर आते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एमएस धोनी की नेटवर्थ 127 मिलियन डॉलर यानी करीब 1060 करोड़ रुपये है तो वहीं युवराज सिंह की नेटवर्थ 40 मिलियन डॉलर यानी लगभग 333 करोड़ रुपये है। यहां साफ तौर पर नजर आता है कि धोनी की नेटवर्थ युवराज सिंह से तीन गुना ज्यादा है।