टीम इंडिया को 2-2 वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह ने फिर महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली पर निशाना साधा है। उन्होंने अपने बेटे के ‘जबर्दस्ती संन्यास’ लेने के मामले में भारतीय क्रिकेट टीम के चयनकर्ता शरनदीप सिंह को भी लपेटा है। योगराज सिंह से जब भी युवराज सिंह को लेकर कोई बात की तो वे महेंद्र सिंह धोनी पर आरोप लगाने से पीछे नहीं हटे।

योगराज ने अब फिर धोनी पर नया हमला बोला है। साथ ही भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और शरनदीप सिंह पर भी निशाना साधा है। योगराज ने कहा कि तीनों ने उनके बेटे युवराज सिंह को धोखा दिया। एक न्यूज चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा, धोनी और कोहली ने युवी की पीठ पर वार किया है। शरनदीप को लेकर कहा कि वे चयनसमिति की बैठक में जाएंगे और अक्सर कहेंगे कि युवराज को हटा दिया जाना चाहिए।

योगराज ने टीम इंडिया के मुख्य कोच रवि शास्त्री से अपनी हालिया मुलाकात के बारे में भी बात की। उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से अनुरोध किया कि जब भी महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा क्रिकेट को अलविदा कहें तो उन्हें शानदार विदाई दें, क्योंकि इन लोगों ने भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत कुछ किया है।

शरनदीप सिंह के बारे में बोलते हुए योगराज ने ऐसे लोगों को बोर्ड में शामिल करने पर बीसीसीआई पर कटाक्ष भी किया। उन्होंने कहा, “ऐसे लोगों को चयनकर्ता बनाया जाता है, जो क्रिकेट की एबीसी भी नहीं जानते हैं। आप उनसे क्या उम्मीद कर सकते हैं? यह तब दुख पहुंचाता है जब कोई आपकी पीठ में छुरा घोपे। युवराज सिंह ने पिछले साल जून में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था।

युवराज सिंह ने कैंसर की बीमारी से उबरने के बाद 2017 में करीब चार साल बाद टीम इंडिया में वापसी की थी। उन्होंने घरेलू सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ 150 रन की पारी खेली थी, लेकिन वे इस परफॉर्मेंस को बरकरार नहीं रख पाए। कुछ महीने बाद उन्हें वेस्टइंडीज दौरे के लिए नहीं चुना गया और उसके बाद फिर वे टीम में वापसी नहीं कर पाए। युवराज ने हाल ही में कहा था कि कप्तानी के मामले में, उन्हें विराट कोहली और धोनी से उतना समर्थन नहीं मिला, जितना पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली से मिला।