भारतीय टीम ने फ्लोरिडा में चौथे टी20 में वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हराकर सीरीज 2-2 बराबर कर ली। ओपनर शुभमन गिल-यशस्वी जायसवाल ने 179 रन के लक्ष्य को बौना बना दिया। दोनों के बीच 93 गेंद पर 165 रन की साझेदारी हुई। शुभमन गिल 47 गेंद पर 77 रन बनाकर 16वें ओवर में आउट हुए। यशस्वी जायसवाल ने 51 गेंद पर नाबाद 84 रन बनाए। वह प्लेयर ऑफ द मैच रहे। गिल और जायसवाल ने भारत के लिए टी20 में संयुक्त रूप से दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी की। इस मामले में दोनों की जोड़ी ने केएल राहुल और रोहित शर्मा की जोड़ी बराबरी कर ली।
भारत के लिए टी20 में सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड दीपक हुड्डा और संजू सैमसन के नाम है। दोनों साल 2022 में मालहाइड में आयरलैंड के खिलाफ 176 रन की साझेदारी की थी। रोहित शर्मा और केएल राहुल के बीच साल 2017 में श्रीलंका के खिलाफ इंदौर में 165 रन की साझेदारी की थी। यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल ने 12 अगस्त को फ्लोरिडा में 165 की साझेदारी करके उनकी बराबरी की। इसके अलावा साल 2018 में शिखर धवन और रोहित शर्मा ने आयरलैंड के खिलाफ मालहाइड में 160 रन की साझेदारी की थी।
यशस्वी टी20 में अर्धशतक जड़ने वाले भारत के चौथे सबसे युवा बल्लेबाज
यशस्वी जायसवाल टी20 क्रिकेट में भारत के लिए अर्धशतक जड़ने वाले चौथे सबसे युवा बल्लेबाज बने। रोहित शर्मा इस मामले में शीर्ष पर हैं। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ साल 2007 में डरबन में अर्धशतक जड़ा था। तब उनकी उम्र 20 साल 143 दिन थी। दूसरे नंबर पर तिलक वर्मा हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी सीरीज में उन्होंने डेब्यू किया। दूसरे टी20 में उन्होंने अर्धशतक जड़ा था। तब उनकी उम्र 20 साल 271 दिन थी।
ऋषभ पंत तीसरे नंबर पर
इस मामले में तीसरे नंबर पर ऋषभ पंत हैं। उन्होंने चेन्नई में वेस्टइंडीज के खिलाफ साल 2018 में 58 रन की पारी खेली थी। तब बाएं हाथ के इस विकेटकीपर की उम्र महज 21 साल 38 दिन थी। यशस्वी जायसवाल ने अपने दूसरे ही टी20 मैच में अर्धशतक जड़ा और वह प्लेयर ऑफ द मैच भी रहे। उन्होंने 21 साल 227 दिन की उम्र में शतक जड़ा। इससे पहले उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में इंटरनेशनल करियर में शानदार डेब्यू किया। वह सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
