रोहित शर्मा ओर विराट कोहली समेत टीम इंडिया के टॉप क्रिकेटर्स इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में खेल रहे हैं। इस बीच सात समुंदर पार चेतेश्वर पुजारा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल (WTC Final) की तैयारी कर रहे हैं। वह 4 मैचों में 3 शतक जमा चुके हैं। वह ससेक्स की अगुआई कर रहे हैं और उनकी टीम में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ भी खेल रहे हैं।

चेतेश्वर पुजारा और स्टीव स्मिथ ने एक साथ बल्लेबाजी भी की। हालांकि, स्मिथ 57 गेंद पर 30 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। दोनों के बीच 61 रन की साझेदारी हुई। पुजारा ने वोस्टरशायर बनाम ससेक्स काउंटी डीविजन 2 मैच के दूसरे दिन टी ब्रेक के तुरंत बाद शतक जड़ा। पुजारा 189 गेंद पर 19 चौके और 1 छक्के की मदद से 136 रन बनाकर आउट हुए। चेतेश्वर पुजारा ने 3 मैच की 5 पारियों में 66.40 की औसत और 332। उन्होंने 44 चौके और 3 छक्के जड़े।

पुजारा के नाम हुई बड़ी उपलब्धि

पुजारा इस पारी के दौरान फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 19 हजार रन पूरा करने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज बने। उनसे पहले लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर, मास्टर ब्लास्टर सचिन चेंदुलकर, राहुल द्रविड, वीवीएस लक्ष्मण और वसीम जाफर यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके 59 शतक हो गए हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में वह चौथे नंबर पर हैं। वसीम जाफर के 57 शतक हैं। सचिन तेंदुलकर 81 शतक के साथ टॉप पर हैं।

पुजारा 2022 में काउंटी सीजन के बाद से शानदार फॉर्म में

35 वर्षीय बल्लेबाज पुजारा 2022 में काउंटी सीजन के बाद से शानदार फॉर्म में हैं, जहां उन्होंने 13 पारियों में 109.40 की औसत से 1094 रन बनाए। भारतीय टेस्ट टीम से बाहर किए जाने के बाद पांच शतक लगाए थे। उन्होंने रॉयल लंदन वनडे कप में भी टीम के लिए खेला, जहां उन्होंने नौ पारियों में तीन शतक और दो अर्द्धशतक की मदद से 624 रन बनाए। इसके कारण उनकी टीम इंडिया में फिर वापसी हुई। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच डब्ल्यूटीसी फाइनल 7-11 जून तक ओवल में होगा।