इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल (WTC Final) की तैयारी में जुट गए हैं। रोहित शर्मा, विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा समेत अन्य खिलाड़ियों ने नेट्स पर पसीना बहाना शुरू कर दिया है। टीम के साथ स्टैंडबाय खिलाड़ी के तौर पर यशस्वी जायसवाल, सूर्यकुमार यादव और मुकेश कुमार हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने यशस्वी जायसवाल का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया। इसमें वह बल्लेबाजी की प्रैक्टिस करते नजर आ रहे हैं।

आईपीएल 2023 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए खेलते हुए यशस्वी जायसवाल ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था। उन्होंने 14 मैच की 14 पारियों में 48.08 के औसत और 163.61 के स्ट्राइक रेट से 625 रन बनाए। वानखेड़े में उन्होंने शतक भी जड़ा था। इसके बाद उन्हें डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए टीम इंडिया के स्टैंडबाय खिलाड़ियों में मौका मिला।

यशस्वी जायसवाल को सरफराज खान और पृथ्वी शॉ पर तरजीह मिली

ऋतुराज गायकवाड़ की अनुपलब्धता के बाद 21 साल के बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को सरफराज खान और पृथ्वी शॉ पर तरजीह मिली। तीनों खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट में मुंबई के लिए खेलते हैं। यशस्वी जायसवाल केवल आईपीएल में प्रदर्शन के आधार पर टीम इंडिया में एंट्री के करीब नहीं पहुंचे हैं। घरेलू क्रिकेट में भी उन्होंने दमदार प्रदर्शन किया है। फर्स्ट क्लास करियर में उन्होंने 15 मैच की 26 पारियो में 80.21 के औसत से 1845 रन बनाए हैं। उन्होंने 9 शतक और 2 अर्धशतक जड़े हैं।

यशस्वी जायसवाल का रणजी ट्रॉफी 2022 में प्रदर्शन

यशस्वी जायसवाल ने रणजी ट्रॉफी 2022 में 5 मैच की 9 पारियों में 45 के औसत से 315 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक जड़ा। पृथ्वी शॉ और सरफराज खान का रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। पृथ्वी ने 6 मैच की 10 पारियों में में 59.50 के औसत से 595 रन बनाए। वहीं सरफराज ने 6 मैच की 9 पारियों में 92.67 के औसत से 556 रन बनाए।शॉ ने 1 शतक और 1 अर्धशतक जड़ा। वहीं सरफराज ने 2 शतक और 1 अर्धशतक जड़ा।

ईरानी कप में यशस्वी जायसवाल ने 1 मैच में 357 रन बनाए

ईरानी कप में यशस्वी जायसवाल ने 1 मैच में 357 रन बनाए। दोनों पारियों में शतक। इस दौरान उन्होंने 213 रन की पारी खेली। सरफराज ने एक पारी में 138 रन बनाए। यशस्वी का ईरानी कप और दलीप ट्रॉफी में डंका बजा। वह दोनों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। ईरानी कप में यशस्वी जायसवाल ने 1 मैच में 357 रन बनाए। दोनों पारियों में शतक जड़ा। इस दौरान उन्होंने 213 रन की पारी खेली। सरफराज ने एक पारी में 138 रन बनाए।

दलीप ट्रॉफी में यशस्वी जायसवाल ने कूटे रन

दलीप ट्रॉफी में यशस्वी जायसवाल ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 3 मैचों की 5 पारियों में 497 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने दो शतक जड़े। 265 रन की पारी इसमें शामिल है। पृथ्वी शॉ ने 2 मैच की 3 पारियों में 315 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने दो शतक जमाए। सरफराज खान ने 1 मैच की 2 पारियों में 161 रन बनाए। इसमें एक शतक शामिल है।

आईपीएल 2023 में सरफराज खान और पृथ्वी शॉ का प्रदर्शन

आईपीएल 2023 में सरफराज खान और पृथ्वी शॉ का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। दोनों दिल्ली कैपिटल्स (DC) का हिस्सा थे। सरफराज को ज्यादा मौका नहीं मिला। उन्होंने 4 पारियों में 53 रन बनाए। ऋषभ पंत के चोटिल होने के बाद माना जा रहा था कि उन्हें सीजन भरपूर मौका मिलेगा पर ऐसा हुआ नहीं। पृथ्वी शॉ ने 8 मैचों में 106 रन बनाए। वह सिर्फ एक अर्धशतक जड़ पाए।