कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के प्रमुख और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पहलवानों से मिलने के लिए जंतर-मंतर पहुंची। पहलवानों ने रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के अध्यक्ष पर यौन शोषण और उत्पीड़न का आरोप लगाया है। वह बृजभूषण को पद हटाने और कार्रवाई की मांग को लेकर रविवार से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
फोगाट बहनें आमने-सामने
प्रियंका गांधी के धरनास्थल पहुंचने के बाद फोगाट बहनें आमने-सामने हैं। बबीता फोगाट ने प्रियंका पर खिलाड़ियों के मंच को राजनीति के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। इसपर उन्हें विनेश फोगाट ने खरी-खरी सुनाई। बबीत ने कहा, “शून्य से उठकर शिखर तक पहुंचने वाले हम खिलाड़ी अपनी लड़ाई में स्वयं सक्षम हैं। खिलाड़ियों के मंच को राजनीतिक रोटी सेंकने का मंच नहीं बनाना चाहिए। कुछ नेता खिलाड़ियों के मंच से अपनी राजनीति चमकाने में लगे हैं। खिलाड़ियों को भी यह ध्यान रखना चाहिए। हम किसी एक के नहीं समूचे राष्ट्र के हैं।”
बबीता ने प्रियंका गांधी पर साधा निशाना
बबीता ने इसके बाद प्रियंका गांधी पर उनके निजी सचिव को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ” प्रियंका वाड्रा अपने निडी सचिव संदीप सिंह को लेकर जंतर मंतर महिला पहलवानों को न्याय दिलाने पहुंची हैं, लेकिन इस व्यक्ति पर खुद महिलाओं से छेड़छाड़ और दलित महिला को दो कौड़ी की औरत कहने जैसे तमाम आरोप लगे हैं।”
विनेश फोगाट का बबीता को जवाब
इसके बाद विनेश फोगाट ने बबीता को जवाब देते हुए कहा, “अगर पीड़ित महिला पहलवानों के हक में नहीं खड़ी हो सकती तो बबीता बहन आपसे हाथ जोड़कर विनती है कि हमारे आंदोलन को कमजोर तो मत करो। सालों लगे हैं महिला पहलवानों को अपने उत्पीड़क के खिलाफ आवाज उठाने में। आप भी महिला हैं और हमारा दर्द समझने की कोशिश करो।”
