महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2025 के 18वें मैच में लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम पर शनिवार 8 मार्च (अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस) की रात चौके-छक्कों की बारिश हुई। टूर्नामेंट में क्वालिफिकेशन की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी यूपी वॉरियर्स ने डब्ल्यूपीएल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। लक्ष्य का पीछा करते हुए स्मृति मंधाना की अगुआई वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने भी पूरा जोर लगाया, लेकिन वह 12 रन पीछे रह गई।

आरसीबी को चमत्कार की जरूरत थी। ऋचा घोष और स्नेह राणा ने अपनी अविश्वसनीय बल्लेबाजी से लगभग कर ही दिया था, लेकिन दीप्ति शर्मा की अगुआई वाली यूपी वॉरियर्स ने जीत का रास्ता खोज लिया। यूपी वॉरियर्स ने गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ ऐसी ही जीत चिन्नास्वामी में एक रोमांचक मुकाबले में हासिल की थी। आरसीबी के लिए यह हार इसलिए भी दुखद है क्योंकि वह क्वालिफिकेशन की रेस से बाहर हो गई।

UPW-W बनाम RCB-W मैच में लगे 71 चौके, 18 छक्के

यूपी वॉरियर्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मैच में 18 छक्के लगे, जो WPL मैच में दूसरे सबसे ज्यादा हिट हैं। इससे पहले 2024 में बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम दिल्ली कैपिटल्स मैच में 19 छक्के लगे थे। इस मैच में 71 चौके लगे, जो WPL के किसी भी मैच में सबसे ज्यादा हैं।

WPL के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर

इस तरह दिल्ली कैपिटल्स, गुजरात जायंट्स और मुंबई इंडियंस ने प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया। यूपी वारियर्स ने जॉर्जिया वॉल (नाबाद 99 रन) के लगातार दूसरे अर्धशतक से WPL में अपने अंतिम मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ 12 रन से जीत हासिल कर सीजन का सम्मानजनक समापन किया। जॉर्जिया वॉल प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं। जॉर्जिया वॉल डब्ल्यूपीएल इतिहास में सोफी डिवाइन के साथ संयुक्त रूप से सर्वोच्च स्कोर बनाने वाली खिलाड़ी भी बनीं। डिवाइन ने 2023 में आरसीबी के खिलाफ ही 99 रन की पारी खेली थी।

यूपी वारियर्स ने 5 विकेट पर 225 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह डब्ल्यूपीएल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है। लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने शानदार बल्लेबाजी की, लेकिन टीम 19.3 ओवर में 213 रन पर ऑलआउट हो गई। विकेटकीपर ऋचा घोष ने 33 गेंद में 69 रन, एलिस पैरी ने 15 गेंद में 28 रन, एस मेघना ने 12 गेंद में 27 रन और स्नेह राणा ने 6 गेंद में 26 रन बनाये। यूपी वारियर्स की कप्तान दीप्ति शर्मा और सोफी एक्लेस्टोन ने 3-3 विकेट झटके, जबकि चिनेल हेनरी को 2 विकेट मिले।

फिर नहीं चला कप्तान स्मृति मंधाना का बल्ला

आरसीबी ने तेज शुरुआत की, लेकिन दोनों ओपनर्स आउट हो गईं। स्मृति मंधाना फिर नहीं चलीं। वह तीसरे ओवर में आउट हुईं। सब्भिनेनी मेघना भी बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में पवेलियन पहुंच गईं। आरसीबी ने भले ही पावरप्ले में 2 विकेट गंवाए, लेकिन 6 ओवर में 70 रन भी ठोक डाले। यह पावरप्ले में यूपी वारियर्स से बेहतर प्रदर्शन रहा। यूपी वॉरियर्स ने 67 रन बनाकर पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर बनाया था।

एलिस पैरी (28 रन) 7वें ओवर में अंजलि सरवनी की गेंद पर बोल्ड हुईं। आरसीबी ने 9.2 ओवर में 4 विकेट पर 100 रन बनाए थे। हालांकि, दीप्ति शर्मा ने कनिका आहूजा को बोल्ड कर यूपी वारियर्स को 5वां विकेट दिलाया। विकेटकीपर बैटर ऋचा घोष (69 रन) ने 15वें ओवर में अंजलि सरवनी पर लगातार 2 छक्के जड़ 25 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने और जॉर्जिया वेयरहम ने छठे विकेट के लिए 33 गेंद में 64 रन जोड़े।

इस बार दीप्ति फिर उनकी राह में आ गईं। दीप्ति ने ऋचा की 33 गेंद की पारी समाप्त कर दी। इससे आरसीबी की उम्मीद टूट गई। उसे जीत के लिए 21 गेंद में 55 रन की दरकार थी। टीम ने 18.4 ओवर में 8 विकेट पर 200 रन बना लिए थे। अंत में स्नेह राणा ने 6 गेंद खेलीं जिसमें उन्होंने 2 चौके और 3 छक्के से 26 रन बनाए। अंतिम 6 गेंद में 15 रन बनाने थे, लेकिन टीम 3 गेंद रहते ऑलआउट हो गई।

1 रन से शतक पूरा नहीं कर पाईं जॉर्जिया वॉल

इससे पहले जॉर्जिया वॉल ने शानदार फॉर्म जारी रखी, लेकिन 1 रन से शतक पूरा नहीं कर पाईं। उन्होंने 56 गेंद की नाबाद पारी में 17 चौके और 1 छक्का लगाया। किरण नवगिरे ने भी 16 गेंद में 46 रन (2 चौके, 5 छक्के) की आतिशी पारी खेली। ग्रेस हैरिस ने 22 गेंद में 39 और चिनेल हेनरी ने 15 गेंद में 19 रन का योगदान दिया। आरसीबी की जॉर्जिया वेयरहम ने 43 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।

WPL में सबसे ज्यादा कुल स्कोर (पूरे मैच का)

  • 438 रन: यूपी वॉरियर्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, लखनऊ, 2025
  • 403 रन: गुजरात जायंट्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, वडोदरा, 2025
  • 391 रन: गुजरात जायंट्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, ब्रेबोर्न, 2023
  • 386 रन: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम दिल्ली कैपिटल्स, ब्रेबोर्न, 2023
  • 381 रन: गुजरात जायंट्स बनाम मुंबई इंडियंस, दिल्ली, 2024

WPL में सबसे ज्यादा कुल स्कोर (एक पारी का)

  • 225/5: यूपी वॉरियर्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, लखनऊ, 2025 (पहली पारी)
  • 223/2: दिल्ली कैपिटल्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, ब्रेबोर्न, 2023 (पहली पारी)
  • 213: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम यूपी वॉरियर्स, लखनऊ, 2025 (दूसरी पारी)
  • 211/4: दिल्ली कैपिटल्स बनाम यूपी वॉरियर्स, डीवाई पाटिल, 2023 (पहली पारी)
  • 207/5: मुंबई इंडियंस बनाम गुजरात जायंट्स, डीवाई पाटिल, 2023 (पहली पारी)

WPL की 1 पारी में किसी टीम द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के

  • 11: दिल्ली कैपिटल्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, बेंगलुरु, 2024
  • 11: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम यूपी वॉरियर्स, लखनऊ, 2025
  • 10: गुजरात जायंट्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, वडोदरा, 2025
  • 09: दिल्ली कैपिटल्स बनाम यूपी वॉरियर्स, डीवाई पाटिल, 2023
  • 09: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम गुजरात जायंट्स, ब्रेबोर्न, 2023
  • 09: यूपी वॉरियर्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स, बेंगलुरु, 2025