वुमेंस प्रीमियर लीग 2025 (WPL 2025) में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने शानदार गेंदबाजी के बाद निकी प्रसाद और शैफाली वर्मा की अच्छी बल्लेबाजी के दमपर शनिवार (15 फरवरी) को आखिरी गेंद पर मुंबई इंडियंस पर दो विकेट से करीबी जीत दर्ज की। दिल्ली ने मुंबई के खिलाफ सबसे बड़ा टारगेट हासिल किया। टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का विकल्प चुनते हुए दिल्ली ने मुंबई को 19.1 ओवर में 164 रन पर ढेर कर दिया। मुंबई के लिए नट स्क्रीवर-ब्रंट ने नाबाद 80 और हरमनप्रीत कौर ने 22 गेंदों पर 42 रन की तेज पारी खेली।

लक्ष्य का पीछा करते हुए शैफाली वर्मा ने 18 गेंदों पर 43 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने दिल्ली को शानदार शुरुआत दिलाई। टीम बिना किसी नुकसान के 60 रन तक पहुंच गई। हालांकि, मुंबई ने बेहतरीन वापसी की दिल्ली को आखिरी गेंद तक टक्कर दिया। दिल्ली को आखिरी ओवर में 10 रन चाहिए थे। राधा यादव और निकी प्रसाद ने सजीवन साजना की गेंद पर चौका लगाया। दिल्ली को 5 गेंद पर 6 रन चाहिए थे। अगली 4 गेंद पर 4 रन आए और निकी आउट हो गईं। आखिरी गेंद पर अरुंधति रेड्डी ने 2 रन बनाकर दिल्ली को जीत दिलाई।

दूसरी बार किसी टीम ने आखिरी गेंद पर लक्ष्य हासिल किया

वुमेंस प्रीमियर लीग में दूसरी बार किसी टीम ने आखिरी गेंद पर लक्ष्य हासिल किया। 2024 में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली के खिलाफ आखिरी गेंद पर लक्ष्य हासिल किया था। दिल्ली की टीम लीग में सबसे कम विकेट से मैच जीतने वाली टीम बनी। इससे पहले यूपी वॉरियर्स ने 2023 में 3-3 विकेट से 2 बार गुजरात जायंट्स के खिलाफ जीत दर्ज की।

शैफाली वर्मा ने 18 गेंदों पर 43 रनों की तूफानी पारी खेली

दिल्ली के लिए शैफाली वर्मा ने 18 गेंदों पर 43 रनों की तूफानी पारी खेली। उन्होंने साइका इशाक के दूसरे ओवर में चार चौकों और एक छक्के की मदद से 22 रन जुटाए। दिल्ली ने बिना किसी नुकसान के 60 रन बनाकर शानदार शुरुआत की। दिल्ली के लिए एलिस कैप्सी (16), एनाबेल सदरलैंड (13) और सारा ब्राइस (21) ने अहम योगदान दिया। जेमिमा रोड्रिग्स (2) और एनाबेल सदरलैंड (13) भी जल्द ही पवेलियन लौट गईं।

दिल्ली को अंतिम 12 गेंदों पर 21 रन चाहिए थे

निकी प्रसाद (35) ने दबाव में शानदार संयम दिखाते हुए टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। दिल्ली को अंतिम 12 गेंदों पर 21 रन चाहिए थे और चार विकेट हाथ में थे। नंबर 9 पर बैटिंग के लिए आईं राधा यादव (नाबाद 9) ने छक्का लगाकर अंतर को कम किया। इसके बाद निकी ने एक चौका लगाया, लेकिन पांचवीं गेंद पर आउट हो गईं। अरुंधति रेड्डी (नाबाद 2) ने अंतिम गेंद पर दो आवश्यक रन लेकर जीत सुनिश्चित की। मुंबई की पारी की जानकारी के लिए क्लिक करें