Womens Premier League 2024: एमेलिया केर के ऑलराउंड प्रदर्शन और कप्तान हरमनप्रीत कौर की शानदार बल्लेबाजी की मदद से मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस ने रविवार 25 फरवरी 2024 को गुजरात जायंट्स को पांच विकेट से हराकर महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के दूसरे संस्करण में लगातार दूसरी जीत हासिल की। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मैच में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी।
गुजरात जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 126 रन बनाए। मुंबई की टीम ने 18.1 ओवर में पांच विकेट पर 129 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मुंबई इंडियंस ने अपने पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स को 4 विकेट से हराया था। इस तरह उसने अपनी लगातार दूसरी जीत हासिल की।
शीर्ष पर कायम है मुंबई इंडियंस की टीम
इस जीत के बाद मुंबई इंडियंस वुमन पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर बनी हुई है। उसके 2 मैच में 4 अंक हैं। दूसरे नंबर पर स्मृति मंधाना की अगुआई वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम है। उसके 2 मैच में 2 अंक हैं। अन्य किसी भी टीम (यूपी वारियर्स, दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात जायंट्स) का अभी खाता नहीं खुला है।
गुजरात जायंट्स की अच्छी नहीं रही शुरुआत
मुंबई और गुजरात के बीच मैच की बात करें तो बेथ मूनी की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। एक समय गुजरात जायंट्स का स्कोर 11 ओवर में 5 विकेट पर 58 रन था। अनुभवी पेसर शबनम इस्माइल और लेग स्पिनर एमेलिया केर ने शानदार गेंदबाजी की। शबनम इस्माइल ने गुजरात के शीर्ष क्रम को झकझोरा। उन्होंने 18 रन देकर 3 विकेट लिए।
एमेलिया केर ने मध्य और निचलेक्रम को झकझोर दिया
एमेलिया केर ने मध्यक्रम और निचलेक्रम की बैटर्स को नहीं चलने दिया। उन्होंने 4 ओवर में 17 रन देकर 4 विकेट लिए। गुजरात की केवल 4 बैटर्स ही दहाई का आंकड़ा छू पाईं। नौवें नंबर पर बैटिंग करने आईं तनुजा कंवर ने सर्वाधिक 28 रन बनाए। उन्होंने कैथरीन ब्राइस (नाबाद 25) के साथ 8वें विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी की। इन दोनों के अलावा कप्तान बेथ मूनी ने 24 और एश्ले गार्डनर ने 15 रन का योगदान दिया।
मुंबई इंडियंस की टीम की भी खराब हुई थी शुरुआत
हरमनप्रीत कौर की टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। एक समय उसका स्कोर भी 3 विकेट पर 49 रन था। इसके बाद हरमनप्रीत (41 गेंद पर नाबाद 46) और एमेलिया केर (25 गेंद पर 31 रन) ने चौथे विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी की और टीम को 11 गेंद शेष रहते हुए जीत दिलाई। इन दोनों के अलावा नेट साइवर ब्रंट ने 22 रन का योगदान दिया। हरमनप्रीत ने 5 चौके और एक छक्का लगाया।