Women’s Premier League, Mumbai Indians Women vs Delhi Capitals: वुमन्स प्रीमियर लीग के 18वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की जेमिमा रोड्रिग्स ने शानदार फील्डिंग का मुजाहिरा पेश किया। जेमिमा ने शिखा पांडे की गेंद पर मुंबई इंडियंस की ओपनर हेली मैथ्यूज का अविश्वनीय कैच लपका। कैच लपकने के बाद एकबारगी तो जेमिमा को खुद भी विश्वास नहीं हुआ कि उन्होंने ऐसा हैरतअंगेज कैच लपक लिया है। जेमिमा ने गेंद को चूमकर अपनी खुशी जताई।

जेमिमा के कैच लपकते ही दिल्ली कैपिटल्स की खिलाड़ियों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने जेमिमा को बधाई दी। यही नहीं, जेमिमा ने बाद में अपने इंस्टाग्राम पेज पर भी कैच पकड़ने का वीडियो शेयर किया। वीडियो के कैप्शन में जेमिमा ने लिखा, रोररर मचाओ!! अंत में मजेदार भावों को बिल्कुल भी मिस नहीं करें। जेमिमा ने अपनी इस पोस्ट को Pinned भी किया। नीचे वीडियो में आप भी जेमिमा की शानदार फील्डिंग का नजारा देख सकते हैं।

दिल्ली कैपिटल्स ने 9 विकेट से मुंबई इंडियंस को हराया

मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच की बात करें तो तेज गेंदबाज मैरिजान कैप (4 ओवर में 13 रन पर दो विकेट) की अगुआई में बॉलर्स के दमदार प्रदर्शन के बाद एलिस कैप्सी, शेफाली वर्मा और कप्तान मेग लैनिंग की आतिशी बल्लेबाजी से दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 9 विकेट से शिकस्त दी।

नेट रनरेट के आधार पर शीर्ष पर पहुंच गई दिल्ली कैपिटल्स

अंक तालिका की शीर्ष दो टीमों के बीच मुकाबले में दिल्ली की टीम ने मुंबई को आठ विकेट पर 109 रन पर रोकने के बाद महज नौ ओवर में एक विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत से दिल्ली कैपिटल्स की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई, जबकि मुंबई इंडियंस दूसरे स्थान पर खिसक गई। दोनों टीमों के 7-7 मैच में 10-10 अंक हैं, लेकिन दिल्ली का नेट रनरेट मुंबई से बेहतर है।

लीग चरण में शीर्ष पर रहने वाली टीम कटाएगी फाइनल का टिकट

लीग चरण में शीर्ष पर रहने वाली टीम फाइनल में सीधे क्वालिफाई करेगी। दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच एलिमिनेटर मैच होगा। दिल्ली ने छोटे लक्ष्य का पीछा आक्रामक अंदाज में किया। शेफाली वर्मा और कप्तान मेग लैनिंग ने 27 गेंद में 56 रन की साझेदारी की। इसमें शेफाली ने 15 गेंद में 33 रन का योगदान दिया। शेफाली ने 6 चौके और एक छक्का जड़ा।