scorecardresearch

IPL 2023 के बाद अर्जुन तेंदुलकर की होगी टीम इंडिया में एंट्री? एमएस धोनी का तेज गेंदबाज और मुंबई इंडियंस का पूर्व पेसर भी है रेस में

Irfan Pathan Tweet: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने ट्वीट में लिखा कि आईपीएल 2023 के बाद टीम इंडिया में बाएं हाथ के एक गेंदबाज की एंट्री होगी।

IPL 2023 | Sachin Tendulkar Son Arjun Tendulkar | MS Dhoni Mukesh Choudhary | Former Mumbai Indians Mohsin Khan |
मोहसिन खान, अर्जुन तेंदुलकर और मुकैश चौधरी। (सोर्स- IPL)

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने 19 मार्च 2023 को एक ट्वीट किया। इस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर इस बात की चर्चा तेज हो गई कि आईपीएल 2023 के बाद भारतीय क्रिकेट टीम में सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर की टीम इंडिया में एंट्री हो सकती है।

मुंबई इंडियंस के पूर्व तेज गेंदबाज और वर्तमान में लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा मोहसिन खान और महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपर किंग्स के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी भी इस रेस में शामिल हो गए।

आइए अब जानते हैं कि इरफान पठान ने अपने ट्वीट में क्या लिखा था। इरफान पठान ने लिखा, ‘इस आईपीएल के खत्म होने के बाद टीम इंडिया में शामिल होने के लिए बाएं हाथ का एक गेंदबाज तैयार होगा…।’ इरफान पठान के इस ट्वीट ने ही अर्जुन, मोहसिन और मुकेश के टीम इंडिया में चुने जाने की संभावनाओं को बल दिया।

अर्जुन तेंदुलकर, मोहसिन खान और मुकेश चौधरी तीनों ही बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं। भारतीय क्रिकेट टीम को बाएं हाथ के तेज गेंदबाज की जरूरत भी दिख रही है। अब अर्जुन तेंदुलकर, मोहसिन खान और मुकेश चौधरी के प्रोफाइल पर भी एक नजर डाल लेते हैं।

अर्जुन तेंदुलकर

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्जुन तेंदुलकर ने 2021 में हरियाणा के खिलाफ मुंबई के लिए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पदार्पण किया था। घुमावदार रन-अप और आउटस्विंगर अर्जुन तेंदुलकर गेंद को स्विंग करना और महत्वपूर्ण गति देने में सक्षम हैं। अर्जुन बल्ले से कुछ मूल्यवान रन जोड़ने में भी सक्षम हैं। अर्जुन तेंदुलकर ने अब तक 7 फर्स्ट क्लास और इतने ही लिस्ट ए मुकाबलों में क्रमशः 12 और 8 विकेट लिए हैं। वह 9 टी20 मुकाबलों में भी 12 विकेट ले चुके हैं। अर्जुन ने फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 24.77 के औसत से 223 रन भी बनाए हैं। इसमें उनका एक शतक भी शामिल है।

मुकेश चौधरी

मुकेश चौधरी विजय हजारे ट्रॉफी 2021-22 में महाराष्ट्र के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। मुकेश चौधरी को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने आईपीएल 2022 मेगा नीलामी में उनके बेस प्राइस 20 लाख रुपए में खरीदा था। मुकेश चौधरी अब तक 13 फर्स्ट क्लास और 19 लिस्ट ए मैच खेल चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने 27 टी20 मैच भी खेले हैं। मुकेश ने मैचों में क्रमशः 38, 25 और 32 विकेट लिए, जबकि क्रमशः 111, 18 और 23 रन भी बनाए हैं।

मोहसिन खान

उत्तर प्रदेश के संभल में 15 जुलाई 1998 को जन्में मोहसिन खान को मुंबई इंडियंस ने पहली बार 2018 में खरीदा था। बाद में 2020 की नीलामी में भी उन्हें बेस प्राइस पर खरीदा था। अब वह लखनऊ सुपर जॉयंट्स का हिस्सा हैं। बाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज मोहसिन ने अब तक सिर्फ एक फर्स्ट क्लास मैच खेला है। इसमें उन्होंने 2 विकेट लिए थे। वह 17 लिस्ट ए मैच खेल चुके हैं। इसमें वह 26 विकेट चटका चुके हैं। यही नहीं, उनके नाम 35 टी20 मुकाबलों में 47 विकेट भी हैं। मोहसिन खान और मुकेश चौधरी दोनों ने आईपीएल 2022 में अपने प्रदर्शन से काफी प्रभावित किया था।

पढें खेल (Khel News) खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News)के लिए डाउनलोड करें Hindi News App.

First published on: 20-03-2023 at 14:26 IST
अपडेट