भारत की मेजबानी में अक्टूबर-नवंबर में वनडे वर्ल्ड कप होना है। इसे लेकर हर कोई उत्सुक है। क्रिकेट फैंस से लेकर पूर्व खिलाड़ी तक हर कोई चाहता टीम इंडिया 2011 की तरह इस बार भी चैंपियन बने। 110 साल का आईसीसी ट्रॉफी न जीतने का सूखा खत्म करे। 2011 में महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में टीम इंडिया जब खिताब जीती थी तब युवराज सिंह ने इसमें अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने X(पूर्व में ट्विटर) पर वर्ल्ड कप 2023 को लेकर ट्वीट किया, जिसपर उनके साथी और टीम इंडिया के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने अपनी बात रखी।
वीरेंद्र सहवाग 2011 में वर्ल्ड चैंपियन बनी टीम इंडिया के हिस्सा थे। उन्होंने युवराज सिंह के ट्वीट के जवाब में बताया कि क्यों टीम इंडिया 2023 का खिताब जीत सकती है। युवराज सिंह ने सवाल किया था कि क्या टीम इंडिया प्रेशर को गेम चेंजर में बदल पाएगी? इसके जवाब में सहवाग ने लिखा कि हम तूफान मचाएंगे।
युवराज सिंह ने क्या कहा?
युवराज सिंह ने ट्वीट करके कहा, ” हम चाहते हैं कि वर्ल्ड कप 2023 में 2011 रिपीट हो, लेकिन 2011 में टीम इंडिया दबाव में चमकी थी। 2023 में फिर टीम इंडिया प्रेशर में है। क्या हमारे पास बाजी पलटने का पर्याप्त समय है। क्या हम इस प्रेशर का इस्तेमाल गेम चेंजर के तौर पर करेंगे?”
वीरेंद्र सहवाग ने क्या कहा?
वीरेंद्र सहवाग ने ट्वीट करके कहा, “आई बात प्रेशर की तो इस बार हम प्रेशर लेंगे नहीं। देंगे! चैंपियंस की तरह! पिछले 12 साल में होस्ट टीम वर्ल्ड कप जीती हैं!। 2011 में हम घर में जीते 2015 में ऑस्ट्रेलिया में ऑस्ट्रेलिया जीती। 2019 में इंग्लैंड में इंग्लैंड जीती। 2023 में हम तूफान मचाएंगे।”
खत्म होगा 10 साल का सूखा?
बता दें कि टीम इंडिया आखिरी बार 2013 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। इसके बाद से टीम को आईसीसी ट्रॉफी का इंतजार है। विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया 2017 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पाकिस्तान से हारी। 2019 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंची थी। इसके बाद 2021 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में हारी। 2021 में टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज से बाहर हो गई। रोहित शर्मा की कप्तानी में 2022 में टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल से बाहर हुई। 2023 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हारी। अब सबकी निगाहें वर्ल्ड कप पर है।