ICC Men’s World Cup 2023: आईसीसी पुरुष विश्व कप 2023 के 39वें मैच में ऑस्ट्रेलिया ने अफगानिस्तान के खिलाफ अविश्वसनीय जीत हासिल की। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 292 रन का लक्ष्य मिला था। उसने 18.3 ओवर में महज 91 रन पर 7 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद ग्लेन मैक्सवेल और पैट कमिंस ने 8वें विकेट के लिए 202 रन की नाबाद साझेदारी की।

ग्लेन मैक्सवेल 21 चौके और 10 छक्के की मदद से 128 गेंद में 201 रन बनाकर नाबाद रहे, यानी उन्होंने रन चेज करते हुए टीम के लिए 69% रन बनाए। ग्लेन मैक्सवेल ने पैरों में जकड़न होने के बावजूद के करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली। क्रिकेट प्रशंसक ग्लेन मैक्सवेल की पारी की तारीफ करते नहीं थक रहे, लेकिन ग्लेन मैक्सवेल को अब भी एक बात का रंज है। पैट कमिंस ने पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में अपने दिल का हाल बयां किया।

मैच के बाद प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार ग्रहण करने के बाद ग्लेन मैक्सवेल बोले, ‘आज फील्डिंग करते समय बहुत गर्मी थी। मुझे बहुत ज्यादा गर्मी में खेलने की आदत नहीं है। आज यह गर्मी मुझ पर हावी हो गई। मैं क्रीज पर टिकना चाहता था और (अपने पैरों पर) कुछ मूवमेंट करना चाहता था।’

सिर्फ पॉजिटिव रहने की सोची थी: ग्लेन मैक्सवेल

जब स्कोर 18.3 ओवर में 92/7 हो गया तो क्या प्लान था, इस बारे में पूछे जाने पर ग्लेन मैक्सवेल ने कहा, ‘बहुत ज्यादा कुछ नहीं था। बस यह था कि जितना संभव हो बैटिंग प्लान्स पर टिका रहूं। मैंने सोचा कि पॉजिटिव रहना है। अपने शॉट्स पर ही ध्यान केंद्रित करना है।’

नाकाम अपील ने मुझे और एक्टिव कर दिया: मैक्सवेल

ग्लेन मैक्सवेल ने कहा, ‘वह एलबीडब्ल्यू की अपील, जिसमें गेंद स्टम्प के ऊपर से जा रही थी, संभवत: उसने मुझे और अधिक एक्टिव कर दिया। पिच से स्विंग और निप का संकेत मिला, मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में फ्लड लाइट में ऐसा होता है, उन्होंने इसका फायदा उठाने के लिए शानदार गेंदबाजी की।’

दोहरा शतक लगाने के दौरान ग्लेन मैक्सवेल को 2-3 जीवनदान भी मिले। उन्हें इस बात की कसक है कि उनका दोहरा शतक बिना जीवनदान मिले आता। ग्लेन मैक्सवेल ने कहा, अच्छा होता काश यह एक मौकाहीन (बिना जीवनदान वाली) पारी होती, लेकिन मेरे पास मौके थे। इसका ज्यादा से ज्यादा फायदा उठाना ऐसी बात थी, जिस पर मुझे गर्व हो सकता है।’

ग्लेन मैक्सवेल इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया की ओर से वनडे क्रिकेट में शीर्ष स्कोरर बने। उन्होंने शेन वाटसन को पीछे छोड़ा। शेन वाटसन ने अप्रैल 2011 में बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 185 रन बनाए थे। साथ ही यह लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की विश्व कप में सबसे बड़ी जीत भी है।