1983 वर्ल्ड चैंपियन टीम के सदस्य और पूर्व चयनकर्ता कृष्णमाचारी श्रीकांत ने कहा है कि टीम इंडिया में वर्ल्ड कप जीतने की काबिलियत है। रोहित शर्मा, विराट कोहली, शुभमन गिल और केएल राहुल जैसे खिलाड़ी है, लेकिन अगर विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत होते तो भारत असल में वर्ल्ड कप जीतने का प्रबल दावेदार होता। बता दे कि पंत दिसंबर 2022 में सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए थे। इसके बाद से वह मैदान से दूर हैं।

पंत फिलहाल बेंगलुरु में नेशनल क्रिकेट एकेडमी में रिहैब कर रहे हैं, लेकिन शायद ही वनडे वर्ल्ड कप तक फिट हो पाएं। उन्होंने 30 वनडे मैचों की 26 पारियों में 34.6 के औसत से 865 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक और 5 अर्धशतक ठोका है। वनडे विश्व कप का शेड्यूल 27 जून को जारी किया गया। भारत को पहला मैच 8 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना है। इसके बाद इंडिया टुडे से बात करते हुए, श्रीकांत ने कहा कि अगर पंत फिट होते और खेल रहे होते, तो भारत विश्व कप जीतने का असली दावेदार होता।

ऋषभ पंत बहुत महत्वपूर्ण फैक्टर होते

टीम इंडिया के पूर्व चयनकर्ता श्रीकांत ने पंत को लेकर कहा, “हम नहीं ऋषभ पंत के बारे में नहीं जानते। अगर वह खेलते तो मैं सीधे कह देता कि भारत विश्व कप के लिए असल में प्रबल दावेदार है, लेकिन जाहिर तौर पर ऋषभ पंत की फिटनेस पर संशय है। विश्व कप से पहले वह कितने फिट होंगे, यह कोई नहीं जानता। मुझे शक है। कई लोगों को संदेह है कि वह 2023 विश्व कप खेलेंगे या नहीं। ऋषभ पंत बहुत महत्वपूर्ण फैक्टर होते।”

भारत में विश्व कप जीतने की क्षमता

पंत की अनुपस्थिति के बावजूद, श्रीकांत ने कहा है कि भारत में विश्व कप जीतने की क्षमता है और उन्होंने कहा कि विराट कोहली, रोहित शर्मा, शुभमन गिल और केएल राहुल जैसे खिलाड़ियों पर अच्छा प्रदर्शन करने का दारोमदार होगा। उन्होंने कहा, “मेरा मानना ​​है कि केएल राहुल जैसे खिलाड़ियों को मध्यक्रम में खेलना चाहिए। केएल राहुल ने शानदार प्रदर्शन किया है। हमारे पास रोहित शर्मा हैं, जो शुभमन गिल के साथ ओपनिंग करते हैं। फिर हमारे पास विराट कोहली हैं, जो इस प्रारूप के शानदार खिलाड़ी रहे हैं और वह फॉर्म में हैं। मेरा मानना है कि भारत में विश्व कप जीतने की क्षमता है।”