भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने बुधवार 23 अगस्त 2023 को कोपेनहेगन में केनेथ झे हुई चू और मिंग चुएन लिम की ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी पर सीधे गेम में जीत दर्ज कर विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के पुरुष युगल के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

भारतीय खिलाड़ी त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए चीनी ताइपे की चांग चिंग हुई और यांग चिन टुन की जोड़ी पर सीधे गेम में जीत दर्ज कर महिला युगल वर्ग के तीसरे दौर में प्रवेश किया।

सात्विक और चिराग की दुनिया की दूसरे नंबर की जोड़ी ने पिछले चरण में पहला कांस्य पदक जीता था। उन्होंने आस्ट्रेलियाई प्रतिद्वंद्वियों को 30 मिनट में 21-16 21-9 से शिकस्त दी। राष्ट्रमंडल खेलों की मौजूदा चैंपियन जोड़ी यानी सात्विक और चिराग का अब इंडोनेशिया के लियो रॉली कार्नांडो और डेनियल मार्तिन की 10वीं वरीय जोड़ी से सामना होगा।

इससे पहले गायत्री और त्रिसा की दुनिया की 19वें नंबर की जोड़ी को पहले दौर में बाई मिली थी। उन्होंने 37वीं रैंकिंग पर काबिज चांग और यांग की जोड़ी को 38 मिनट में 21-18 21-10 में हराया। यह भारतीय जोड़ी आल इंग्लैंड चैंपियनशिप के पिछले दो चरण के सेमीफाइनल में पहुंची थी। अब उनका सामना अगले दौर में चीन की चेन किंग चेन और जिया यि फान की शीर्ष वरीय जोड़ी से होगा।

Satwik-Chirag | pre-quarters | BWF World Championships | Treesa Jolly | Gayatri Gopichand | Women Doubles | World Championships | Mens Doubles
विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में सात्विक और चिराग ने ऑस्ट्रेलियाई प्रतिद्वंद्वियों को 30 मिनट में 21-16 21-9 से शिकस्त दी।

ताइवान की जोड़ी की गलती से त्रिसा-गायत्री ने हासिल किए 4 गेम पॉइंट

त्रिसा और गायत्री पहले 2-5 से पिछड़ रही थीं, लेकिन जल्द ही उन्होंने रैली के जरिए अपने प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ गलतियां कम करते हुए 8-6 से बढ़त बनाई। चांग और यांग हालांकि 8-8 की बराबरी पर आ गईं, लेकिन ताइवान की जोड़ी के नेट पर शॉट लगाने से भारतीय जोड़ी ब्रेक तक 11-9 से आगे हो गई। ब्रेक के बाद त्रिसा और गायत्री 14-11 से बढ़त बनाए थीं। तभी त्रिसा ने कुछ गलतियां कर दीं, लेकिन भारतीय जोड़ी चांग और यांग की सर्विस गलती से चार गेम पॉइंट हासिल करने में सफल रहीं। यांग के शॉट के नेट पर जाने से भारतीय जोड़ी ने गेम अपने नाम किया।

दूसरे गेम में भारतीय जोड़ी ने बनाए रखी लय

दूसरे गेम में भारतीय जोड़ी ने यही लय बनाये रखी। भारतीय जोड़ी एक समय 8-5 से आगे चल रही थीं। भारतीय जोड़ी ने एक ताकतवर सर्व से ब्रेक तक तीन अंक की बढ़त बनाए रखी। गायत्री और त्रिसा जल्द ही 14-8 से आगे हो गईं। उन्हें ऊंचाई के कारण सर्विस की गलती के लिए बुलाया गया, लेकिन इसका कोई असर नहीं पड़ा। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ गलतियों की वजह से 19-10 से बढ़त बना ली। यांग के फोरहैंड के नेट में जाने से भारतीय जोड़ी 10 मैच प्वाइंट से आगे थी और फिर प्रतिद्वंद्वी के वाइड जाने से मैच जीत लिया।